शर्मनाक: विकासनगर में दो कश्मीरी शॉल विक्रेताओं के साथ बुरी तरह मारपीट का आरोप
पुलिस चौकी का घेराव, पुलिस ने किया मामला दर्ज
देहरादून। उत्तराखंड के विकासनगर में दो कश्मीरी युवकों की पिटाई का मामला सामने आने के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। पीड़ित युवक फेरी लगाकर शॉल बेचने का काम करते हैं और कश्मीर से विकासनगर आए हुए थे।
जानकारी के मुताबिक, दोनों मुस्लिम कश्मीरी युवक विकासनगर बाजार के डाकपत्थर रोड स्थित एक दुकान से कुछ सामान खरीदने गए थे। आरोप है कि इसी दौरान दुकान पर मौजूद लोगों ने उनके साथ धार्मिक और जातिगत टिप्पणियां कीं। पीड़ितों का कहना है कि इसके बाद पहलगाम आतंकी हमले से जोड़ते हुए आपत्तिजनक बयान दिए गए और विरोध करने पर दोनों युवकों पर जानलेवा हमला कर दिया गया। इस हमले में दोनों कश्मीरी युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान साफ तौर पर देखे जा सकते हैं। घटना की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में लोग विकासनगर बाजार चौकी पर इकट्ठा हो गए। मौके पर पहुंचे मुस्लिम समाज के लोगों ने घायल युवकों को गोद में उठाकर पुलिस चौकी का घेराव किया और उत्पीड़न बंद करो जैसे नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड में लगातार धर्म के आधार पर मुस्लिम समुदाय को निशाना बनाया जा रहा है। पुलिस द्वारा कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शन शांत हुआ।
मारपीट में घायल युवकों के रिश्तेदार अब्दुल राशिद महीर ने बताया कि वो लोग हर साल नवंबर से मार्च के बीच उत्तराखंड में कश्मीरी कपड़े बेचने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि वे वर्ष 2008 से यहां आ रहे हैं जबकि पीड़ित युवक पहली बार आए थे। आरोप है कि धर्म के नाम पर युवकों को टारगेट करके हमला किया गया। फिलहाल पुलिस ने पीड़ित युवकों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी संजय यादव को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बारे में पता चला है कि बुधवार को जम्मू के करलपुर निवासी दानिश और ताविश कंबल और सूट बेचने विकासनगर मार्केट गए थे। इस दौरान वो डाकपत्थर स्थित एक जनरल स्टोर पर कुछ सामान लेने गए। इसी दौरान दुकान मालिक और कश्मीरी व्यापारियों के बीच विवाद हुआ और ये विवाद मारपीट में बदल गया। विकासनगर कोतवाली के एसएसआई शिशुपाल राणा ने बताया कि दानिश पुत्र मौ यासीन निवासी करलपुर जम्मू कश्मीर हाल निवासी पावंटा साहिब ने मुकदमा दर्ज कराया है। दानिश ने बताया कि देर शाम विकासनगर के डाकपत्थर रोड के पास एक दुकानदार से सामान लेते समय उनका कुछ विवाद हो गया। इस पर दुकानदार ने उनके साथ मारपीट कर दी। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है पूछताछ और जांच जारी है।
इस घटना को लेकर जम्मू-कश्मीर स्टूडेंट्स एसोसिएशन के प्रवक्ता नासिर खुएहामी की ओर से भी प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने घटना को दिल दहला देने वाली बताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से इस मामले में तुरंत दखल देते हुए आरोपियों के लिए सख्त सजा की मांग की है। दिल दहला देने वाली घटना! उत्तराखंड के विकासनगर इलाके में अपने परिवार के साथ शॉल बेच रहे एक 18 साल के कश्मीरी लड़के पर आज शाम कुछ असामाजिक तत्वों ने बेरहमी से हमला किया। उस पर लोगों के एक ग्रुप ने हमला किया, उसे बेरहमी से पीटा गया, और उसके पूरे शरीर पर कई चोटें आईं। उसका बायां हाथ टूट गया है, और लोहे की रॉड से मारे जाने के बाद उसके सिर में गंभीर चोटें आई हैं। उसे पहले एक लोकल अस्पताल में ले जाया गया था और अब उसे देहरादून के दून अस्पताल रेफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि हमले के बाद उसके सिर से खून बह रहा था।
जेके स्टूडेंट एसोसिएशन के प्रवक्ता नासिर खुएहामी उसके रिश्तेदारों ने मुझे बताया कि, उससे पहले उसकी पहचान के बारे में पूछा गया। यह जानने के बाद कि परिवार मुस्लिम समुदाय का है और कश्मीर का रहने वाला है, हिंसा बढ़ गई। लड़के को बार-बार मुक्के मारे गए, जबकि परिवार के दूसरे सदस्यों को घसीटा गया, थप्पड़ मारे गए और नुकीली लोहे की रॉड से हमला किया गया।

