शर्मनाक: भष्टाचार पर विजिलेंस की चोट, आरटीओ दफ्तर का प्रशासनिक अधिकारी घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार
पीड़ित से 4000 रु ले रहा था घूसखोर अधिकारी भास्करानंद जोशी
रुद्रपुर। प्रदेश सरकार के जीरो टाॅलरेंस के दावे को उसके ही कुछ भ्रष्ट अधिकारी झूठा साबित करने पर आमादा हैं। ऐसे लालची कारिंदे बेखौफ होकर रिश्वतखोरी जैसे अपने भ्रष्ट कारनामों से सरकार की साख पर बट्टा लगाने से बाज नहीं आ रहे हैं। हालांकि प्रदेश का सतर्कता विभाग भ्रष्टाचारियों के खिलाफ़ लगातार कार्रवाई कर रहा है। ऐसी ही एक कार्रवाई में विजिलेंस की टीम ने आरटीओ कार्यालय रुद्रपुर के प्रशासनिक अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ धर दबोचा।
जानकारी के अनुसार, टोल फ्री नंबर 1064 की शिकायत का संज्ञान लेते हुए मंगलवार को विजिलेंस हल्द्वानी की ट्रैप टीम द्वारा आरटीओ कार्यालय रुद्रपुर में तैनात प्रशासनिक अधिकारी भास्करानंद जोशी को शिकायतकर्ता से ₹4000 की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। शिकायतकर्ता ने 1064 में शिकायत दर्ज करते हुए बताया कि आरटीओ कार्यालय रुद्रपुर में तैनात प्रशासनिक अधिकारी भास्करानंद जोशी के द्वारा नीलामी में खरीदी गई बाइक की आरसी व कागजातों के ट्रांसफर करने के बदले उनसे ₹4000 की रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायत का संज्ञान लेते हुए विजिलेंस ने जाल बिछाकर आरोपी को हल्द्वानी के मुखानी क्षेत्र से रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ करने के बाद जरूरी कार्रवाई की जा रही है। उधर, सतर्कता निदेशक ने ट्रैप टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

