शर्मनाक: अजित पवार के अंतिम संस्कार में स्नैचरों का धावा, 25 से 30 लाख के गहने चोरी; 8 हजार
बारामती । महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और एनसीपी प्रमुख अजित पवार के आकस्मिक निधन से जहां पूरा राज्य शोक की लहर में डूबा हुआ था, वहीं उनके अंतिम संस्कार के दौरान एक शर्मनाक घटना ने सभी को हैरान कर दिया है। 28 जनवरी को विमान हादसे में जान गंवाने वाले जननेता को अंतिम विदाई देने के लिए बारामती में लाखों का जनसैलाब उमड़ा था। इसी गमगीन माहौल और भारी भीड़ का फायदा उठाकर चोरों के एक गिरोह ने वहां मौजूद लोगों को अपना निशाना बनाया और लाखों रुपये के सोने के गहनों पर हाथ साफ कर दिया।
भीड़ का फायदा उठाकर 15 लोगों की चेन उड़ाई
बारामती स्थित विद्या प्रतिष्ठान के मैदान में जब राजकीय सम्मान के साथ अजित पवार का अंतिम संस्कार किया जा रहा था, तब लोग भावुक होकर अपने नेता के अंतिम दर्शन कर रहे थे। इसी दौरान चोरों ने भीड़ में घुसकर करीब 15 लोगों के गले से सोने की चेन चोरी कर ली। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, चोरी गए इन गहनों की कुल कीमत करीब 25 से 30 लाख रुपये आंकी गई है। एक तरफ जहां माहौल बेहद दुखद था, वहीं दूसरी ओर अपराधियों ने संवेदनहीनता की हदें पार करते हुए इस वारदात को अंजाम दिया।
8 हजार पुलिसकर्मियों की मौजूदगी पर उठे सवाल
इस घटना ने वहां की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वीवीआईपी मूवमेंट और भारी भीड़ को देखते हुए बारामती में करीब 8,000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। इतनी कड़ी सुरक्षा के बावजूद चोरों का गिरोह इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देने में सफल रहा। हालांकि, मौके पर मौजूद कुछ सतर्क नागरिकों ने कुछ संदिग्धों को रंगे हाथों पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज, जांच शुरू
पीड़ितों की शिकायत के बाद बारामती तालुका पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने मोहम्मद यूनुस, राजकुमार आठवले, एजाज मिरावले, मोहम्मद सिराज और बालू बोत्रे समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस गिरफ्तार किए गए आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि चोरी गए गहनों की बरामदगी की जा सके और गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचा जा सके। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में पुलिस प्रशासन के प्रति काफी रोष है।

