रिएक्शन: वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस ने उठाई भाजपा विधायक के इस्तीफे की मांग
कोटद्वार। लैंसडाउन विधायक महंत दलीप सिंह के वायरल वीडियो के बाद विपक्ष को सरकार पर हमला करने का मौका मिल गया है। कांग्रेस नेत्री अनुकृति गुसाईं रावत ने इसे बीजेपी विधायक की गुंडागर्दी बताया है। साथ ही उन्होंने मामले में विधायक से इस्तीफा लिए जाने की मांग की है।
बीते रोज भाजपा विधायक महंत दलीप का वीडियो वायरल होने के बाद उत्तराखण्ड की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस आक्रामक हो गयी है। कांग्रेस नेत्री अनुकृति गुसांई ने इसे सीधे तौर पर विधायक की गुंडागर्दी बताते हुए उनके इस्तीफे की मांग की है। कांग्रेस नेत्री ने कहा कि भाजपा के विधायक सत्ता के नशे में इस हद तक चूर हैं कि उन्हें अपने सामने हर कायदे कानून बौने नजर आने लगे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक महंत दलीप सिंह मर्यादाओं की सीमाओं को बार बार पार कर रहे हैं। उनके ऐसे कृत्यों से देश के लोकतांत्रिक व्यवस्था भी आहत हो रही है।
गौरतलब है कि लैंसडॉन से भाजपा विधायक महंत दिलीप सिंह पर आरोप है कि उन्होंने भाजपा कार्यकर्ता के चालान किये जाने से नाराज होकर परिवहन विभाग में कार्यरत हरीश चंद्र सती पर हाथ उठाने की कोशिश की। ऐसा एक वीडियो सोशल मीडिया में जारी होने से राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मचा हुआ है। पर्वतांचल इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता।
यह पूरा प्रकरण शुक्रवार का बताया जा रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि भाजपा विधायक किस कदर गुस्से में थे। वह चालान काटने वाले अधिकारी पर हाथ उठाने की कोशिश करते दिख रहे हैं। हालांकि इस दौरान आसपास खड़े लोगों को देख विधायक ने अपना हाथ रोक लिया। बताया जा रहा है कि मामला सिर्फ इतना था कि विधायक की पार्टी के कार्यकर्ता का इस अधिकारी ने नियमानुसार चालान कर दिया था। दूसरी तरफ विधायक महंत ने इस आरोप को निराधार बताया है। उनका कहना है कि उन्होंने कार्यकर्ता का चालान काटे जाने पर जब संबंधित अधिकारी से बात की तो वह अभद्रता पर उतर आये। इसी बात पर वहां थोड़ा बहसबाजी हो गयी थी।

