विरोध: विवादास्पद बयान को लेकर महानगर कांग्रेस ने फूंका संसदीय कार्य मंत्री का पुतला
प्रेमचंद अग्रवाल का इस्तीफा ले धामी सरकार- अध्यक्ष डॉ जसविंदर सिंह गोगी
देहरादून। शुक्रवार को सदन में संसदीय कार्य मंत्री द्वारा पहाड़ के लोगों को अपशब्द से संबोधित किये जाने के विरोध में महानगर कांग्रेस ने शनिवार को देहरादून में प्रदर्शन किया। अध्यक्ष डॉ जसविंदर सिंह गोगी के नेतृत्व में किये गये प्रदर्शन के दौरान एश्लेहॉल चौक पर मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल का पुतला दहन गुस्से का इज़हार किया गया। गोगी ने कहा कि कल बजट पर बहस के दौरान विपक्ष के विधायक के सवाल पर मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ऐसे बिफर गए कि उन्होंने सदन की गरिमा भी नहीं रखी और पहाड़ के लोगों के प्रति अपशब्दों का प्रयोग किया जो कि बहुत निंदनीय हरकत है। कांग्रेस पार्टी इसकी कड़े शब्दों में निंदा करती है और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से यह मांग करती है कि वह तत्काल मंत्री का इस्तीफा मांग लें। महानगर अध्यक्ष डॉक्टर जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि जिस तरह से प्रेमचंद अग्रवाल ने सदन की गरिमा को ताक पर रखकर सदन में जिस तरह के असंसदीय शब्दों का प्रयोग उन्होंने पहाड़ के लोगों के लिए इस्तेमाल किया, वह दर्शा रहा है कि वह पहाड़ के लोगों से बड़ी नफरत करते हैं। ये राज्य की भावनाओं के विपरीत आचरण है। गोगी ने कहा कि भाजपा सदैव बंटवारे की राजनीति करने में माहिर है, और आज भी भाजपा प्रदेश को बांट कर अपनी राजनैतिक रोटियां सेंकने का कार्य कर रही है। सरकार को ये ज्ञात है कि आज जनता सरकार की जनविरोधी नीतियों को लेकर सड़कों पर है, चाहे स्मार्ट प्रीपेड मीटर हो, यूसीसी का मुद्दा हो या लिव इन रिलेशनशिप का मुद्दा हो। सरकार के खिलाफ आज जनता सड़कों पर है। जनता का ध्यान महत्वपूर्ण मुद्दों से भटकाने के लिए मंत्री अग्रवाल इस तरह का निंदनीय कृत्य कर रहे हैं। गोगी ने कहा कि सीएम पुष्कर सिंह धामी को तत्काल मंत्री का इस्तीफा लेना चाहिए वरना कांग्रेस का हर कार्यकर्ता मंत्री के खिलाफ सड़कों पर होगा। कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष पूरण सिंह रावत, प्रदेश महामंत्री मनीष नागपाल, राजेंद्र शाह, प्रवक्ता डॉ प्रतिमा सिंह, एस सी विभाग के चेयरमैन मदन लाल, एस सी विभाग के पूर्व अध्यक्ष दर्शन लाल, देवेंद्र सिंह, पार्षद अर्जुन पासी, भूपेंद्र सिंह नेगी, ललित भद्री, आलोक मेहता,वीरेंद्र पंवार,जगदीश धीमान,मनीष, विकास नेगी, लाखीराम बिजलवान,राजेश पुंडीर, सुनील थपलियाल,शकील मसूरी, सुन बलूनी, नदीम अंसारी, आरिफ, इश्तियाक अहमद, लक्की राणा, संजय गौतम, अनिल सिंह, फैसल, अशोक कुमार, सूरज छेत्री, अजय धीमान व सुनील जायसवाल आदि उपस्थित रहे।

