विरोध: बिजली बिलों में बढ़ोत्तरी को लेकर लोगों में भारी नाराज़गी, आंदोलन की दी चेतावनी
उत्तरकाशी। विद्युत बिलों में अनावश्यक अधिभार जोड़कर कई गुना बिजली बिल वसूलने और दरों में वृद्धि को लेकर क्षेत्र के बिजली उपभोक्ताओं में आक्रोश व्याप्त है। उपभोक्ताओं ने एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर बिजली दरों में वृद्धि पर रोक लगाने की मांग की है। सोमवार को पुरोला क्षेत्र के आक्रोशित ग्रामीणों और नगरवासियों ने एसडीएम गोपाल सिंह चौहान के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित कर विद्युत दरों में कटौती करने व अनावश्यक अधिभार न जोड़ने की मांग करते हुए कहा कि उत्तराखंड ऊर्जा प्रदेश के नाम से पूरे देश मे जाना जाता है, लेकिन बिजली दरों में अनावश्यक अधिभार जोड़ने से उपभोक्ताओं पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उपभोक्ताओं ने आंदोलन की चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार बिजली दरों में कटौती व अनावश्यक अधिभार को कम नहीं करती है तो उपभोक्ताओं को मजबूरन आंदोलन की राह अपनानी पड़ेगी। ज्ञापन देने वालों में पूर्व प्रधान राजपाल पंवार, बलदेव रावत, अंकित रावत, विनोद असवाल, नवीन गैरोला, अंकित पंवार, शूरवीर सिंह असवाल, महिपाल रावत, जगवीर सिंह आदि थे।

