रू-ब-रू: नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी ने सुनीं लोगों की समस्याएं, अफसरों को दिए निस्तारण के निर्देश
पौड़ी। शहर की नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी ने रविवार को सभासद गौरव सागर के साथ वार्ड न.11 का भ्रमण कर लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों ने अध्यक्ष और सभासद का फूल मालाओं से स्वागत किया। अध्यक्ष ने मौके पर मौजूद नगरपालिका के अफसरों को ग्रामीणों की समस्याएं जल्द हल करने के निर्देश दिए। रविवार को नगरपालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी व वार्ड न.11 के सभासद गौरव सागर ने अंबेडकर छात्रावास, सेंट थॉमस मोहल्ला, मल्ली राई, गडोली चर्च का भ्रमण कर लोगों की समस्याएं सुनी। इस दौरान लोगों ने अध्यक्ष व सभासद को क्षतिग्रस्त रास्तों, सफाई व्यवस्था, पेयजल आदि की समस्याएं बताईं। नगरपालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी ने कहा कि शहरवासियों की बताई गई हर समस्या का समाधान किया जाएगा। जनता से किए गए वादों को हर हाल में पूरा किया जाएगा। कहा कि सभी वार्डों का निरीक्षण कर जनता की समस्याएं सुनते हुए उनका तत्काल निस्तारण किया जाएगा। सभासद गौरव सागर ने भी अध्यक्ष को अपने वार्ड की विभिन्न समस्याएं बताई। गौरव सागर ने बताया कि वार्ड की हर समस्या के समाधान के लिए बैठकों के माध्यम से लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी। जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा। इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केशर सिंह नेगी, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष आस्कर रावत, प्रभात नेगी, नरेश चमोली, बिजेंद्र सिंह रावत, कुशाल सिंह नेगी, करण रावत, हरीश चंद्र शाह आदि मौजूद रहे।

