राहत: जिला पुलिस ने लौटाए साइबर ठगों से पीड़ित लोगों के 50 लाख रुपए
पौड़ी गढ़वाल। पौड़ी गढ़वाल जिले में बीते नौ महीनों में पुलिस ने ऑनलाइन ठगी के शिकार लोगों के करीब 50 लाख रुपए लौटाएं हैं। जिले में अब तक करीब सात सौ मामले केवल साइबर अपराध से जुड़े ही पुलिस के सामने आ चुके हैं। एक साल में औसत एक हजार मामले केवल साइबर अपराध से जुड़े ही पुलिस को देखने पड़ रहे हैं। जिसमें फाइनेंशियल फ्रॉड से लेकर सोशल साइड का गलत इस्तेमाल, फर्जी कॉल और आईटी ऐक्ट से अन्य जुड़े अन्य मामले भी शामिल हैं। साइबर अपराध को छोड़ दें तो जिले में अन्य अपराध करीब साढ़े सात सौ तक चले जाते हैं। लेकिन साइबर से जुड़े मामले इस बीच कुछ ज्यादा ही देखने को मिल रहे हैं। साइबर ठगों से निपटने के लिए पुलिस ने कोटद्वार के साथ ही अब श्रीनगर में अलग से दफ्तर खोला है। यही नहीं पौड़ी के एसएसपी लोकेश्वर सिंह ने जिले की कमान संभालते ही फाइनेंशियल मामलों से निपटने के लिए बाकायदा एफएफयू यानी फाइनेंशियल फ्रॉड यूनिट का भी गठन कर दिया था। ऑनलाइन ठगी के मामलों में कोटद्वार में मेडिकल कैंप लगाने के नाम एक महिला से करीब 24 हजार की ठगी, बीमा पॉलिसी के नाम कालागढ़ के एक व्यक्ति से करीब पौने 2 लाख की ठगी से लेकर ऑनलाइन लोन देने के नाम पर कोटद्वार की एक महिला से साढ़े 9 लाख की ठगी के साथ ही श्रीनगर निवासी एक व्यक्ति से करीब 70 हजार की ठगी जैसे मामलों को हल करने में पुलिस को सफलता मिली।

