मौसम: यमुनोत्री सहित आसपास के इलाकों में बर्फबारी, तापमान में गिरावट के चलते उत्तराखंड में बढ़ी ठंड

मौसम: यमुनोत्री सहित आसपास के इलाकों में बर्फबारी, तापमान में गिरावट के चलते उत्तराखंड में बढ़ी ठंड
Spread the love

 

उत्तरकाशी। शुक्रवार को मौसम विभाग की चेतावनी के बाद यमुनोत्री धाम सहित आसपास के इलाकों में बर्फबारी हुई। वहीं,  यमुना के मायके खरशालीगांव, जानकीचट्टी, नारायण पुरी, फूलचट्टी हनुमान चट्टी क्षेत्र में बारिश, बड़कोट क्षेत्र में बारिश का मौसम बना हुआ है। बर्फबारी के चलते धाम में ठंड बढ़ी। यमुनोत्री धाम से पुरोहित सुनील उनियाल ने बताया कि धाम में डेढ़ घंटे से बर्फबारी हो रही है। जिससे धाम में ठंड बढ़ गई है।
गंगोत्री धाम में भागीरथी (गंगा) नदी का जल और नलों का पानी जमने लग गया है। रात का तापमान माइनस 6 से 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। सुबह और शाम को हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है।
केदारनाथ में बर्फबारी से शीतलहर का प्रकोप अपने चरम पर है। केदारनाथ में अधिकतम तापमान छह डिग्री और न्यूनतम माइनस आठ डिग्री रहा।

उधर, धनतेरस पर्व पर शुक्रवार तड़के से हल्द्वानी, नैनीताल, भवाली सहित मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों में रिमझिम वर्षा हुई। देहरादून में भी बारिश होने से तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गयी है। अचानक सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के कारण वर्षा होने से उत्तराखंड में ठंड बढ़ गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की ओर से जारी मौसम के पूर्वानुमान में शुक्रवार को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से हल्की वर्षा की चेतावनी जारी की गई थी। जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डा. आरके सिंह ने बताया कि शुक्रवार को सक्रिय हुआ पश्चिमी विक्षोभ अपेक्षाकृत कमजोर है। ऐसे में ज्यादा भारी वर्षा की संभावना नहीं है। शनिवार से मौसम साफ हो जाएगा।
दीपावली पर्व के सप्ताह में पटाखों का जमकर प्रयोग होता है। साथ ही मैदानी क्षेत्रों में पराली जलाने का प्रभाव पर्वतीय क्षेत्रों में भी दिख रहा है और यहां वायु की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। ऐसे शुक्रवार को सुबह से जारी वर्षा वायु प्रदूषण को कम करने में मददगार होगी।

Parvatanchal