मौसम: उत्तराखंड के पांच जिलों में एवलॉन्च का अलर्ट, प्रशासनिक अमला अलर्ट मोड पर

मौसम: उत्तराखंड के पांच जिलों में एवलॉन्च का अलर्ट, प्रशासनिक अमला अलर्ट मोड पर
Spread the love

 

देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर से बर्फबारी व हिमस्खलन की संभावना जताई गई है। जिसे देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केन्द्र, देहरादून ने उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ एवं बागेश्वर के अलर्ट जारी किया है। साथ ही इन जिलों के जिलाधिकारियों को विशेष सावधानी बरतने के संबंध में विशेष आदेश जारी किये गये हैं।
मौसम विभाग ने आगामी दिनों में कहीं-कहीं भारी वर्षा, बर्फबारी, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। इसे देखते हुए प्रशासन ने सभी विभागों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचें।
मौसम विभाग की चेतावनी के बीच जनपद रुद्रप्रयाग में लगातार हो रही बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। शुक्रवार शाम जिलाधिकारी विशाल मिश्रा और पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर ने जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारियां बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी टीमें आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में वर्षा दर्ज की गई है। रुद्रप्रयाग तहसील में 7।00 मिमी हल्की से मध्यम बारिश हुई। ऊखीमठ में 15.10 मिमी और जखोली में 17.50 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी हुई है।
उच्च हिमालयी क्षेत्र स्थित केदारनाथ धाम में लगभग 4 फीट बर्फबारी हो चुकी है। लगातार हिमपात जारी है। धाम में सुरक्षा व्यवस्था के तहत आईटीबीपी के 17 जवान और पुलिस के 3 जवान तैनात किए गए हैं। जिला प्रशासन के अनुसार फिलहाल जनपद के सभी राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य मार्ग और ग्रामीण सड़कें यातायात के लिए सुचारु रूप से खुली हैं। अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों का जलस्तर भी सामान्य बना हुआ है। किसी प्रकार की आपदा या नुकसान की सूचना नहीं है।

Parvatanchal