पूर्वानुमान: प्रदेश में बदल गया मौसम का मिज़ाज, मौसम विभाग ने जारी किया कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
तेज हवाएं-ओलावृष्टि और बिजली गिरने की चेतावनी
देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के जारी पूर्वानुमान में उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार इन जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की भी संभावना है। वहीं राज्य के अन्य पर्वतीय जिलों में भी कहीं-कहीं गर्जन और तेज हवाओं के साथ मौसम खराब रहने के संकेत दिए गए हैं।
31 मार्च को इन पांचों जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 1 और 2 अप्रैल को मौसम सामान्य रहने की संभावना है। हालांकि 3 अप्रैल को एक बार फिर येलो अलर्ट जारी करते हुए मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इन क्षेत्रों में दोबारा मौसम खराब हो सकता है।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने संबंधित जिलाधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। भारी बारिश, बर्फबारी और संभावित आपदाओं को देखते हुए सभी विभागों को अलर्ट मोड में रहने को कहा गया है। अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने मुख्यालय पर उपस्थित रहने और मोबाइल फोन चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सीमा सड़क संगठन, लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि भूस्खलन या बर्फबारी से प्रभावित मार्गों को तुरंत सुचारू कराया जाए और संवेदनशील स्थानों पर मशीनरी तैनात रखी जाए। पुलिस और प्रशासन को यातायात नियंत्रण के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
साथ ही आम लोगों और पर्यटकों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विशेष रूप से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है। प्रशासन ने हिमस्खलन की आशंका को देखते हुए ट्रेकिंग और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में आवाजाही पर भी नजर रखने के निर्देश दिए हैं।

