मुस्तैदी: मौत से पहले महिला को बचाने पहुंच गयी पुलिस, हत्या करने पर उतारू पति तमंचे के साथ गिरफ्तार
देहरादून। पत्नी को जान से मारने के लिए तमंचा लेकर घूम रहे व्यक्ति को पुलिस ने महिला के गुहार लगाने पर गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 31 जुलाई की रात्रि को पौने ग्यारह बजे 112 कंट्रोल रूम में एक महिला द्वारा सूचना दी गई कि उसका पति मारपीट कर रहा है और उसको मारने के लिए देसी तमंचा लेकर आया है। जैसे ही उक्त सूचना 112 से थाना क्लेमेंटटाउन को प्राप्त हुई, रात्रि अधिकारी तत्काल थाना मोबाइल एवं चीता मोबाइल के साथ घटनास्थल मोरोवाला पहुंच गये। वहां सूचना देने वाली महिला मौजूद मिली, जिसके द्वारा अवगत कराया गया कि उसका पति उसके साथ मारपीट कर रहा है तथा उसके पास एक देसी तमंचा है, जिससे वह उसकी हत्या कर सकता है। इस पर तत्काल महिला के पति को पकड़ कर तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से एक देसी तमंचा 315 बोर एवं 01 जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में उसने अपना नाम आबिद पुत्र मकसूद, निवासी मोरोवाला क्लेमेंटटाउन बताया। वह पूर्व में बलात्कार व पोस्को मामले में फतेहपुर, सहारनपुर(यूपी)से जेल जा चुका है।

