मानव सेवा: वृद्ध माताओं का घर बनेगा ‘मातृ सदन’, गढ़वाल आयुक्त सुशील कुमार ने किया उद्घाटन
देहरादून। वृद्ध और निराश्रित माताओं को अब सड़कों पर नहीं भटकना पड़ेगा और उदर पूर्ति के लिए किसी के सामने हाथ नहीं फैलाना पड़ेगा। मातृ सदन अब इन माताओं को निशुल्क आवास, वस्त्र और भोजन के साथ-साथ उन्हें चिकित्सीय सेवाएं भी उपलब्ध कराएगा। संपूर्ण समर्पण फाउंडेशन के माध्यम से वृद्ध और निराश्रित माताओं को आश्रय देने और उनके जीवन की दुश्वारियों को कम करने के लिए स्थापित किए गए इस मातृ सदन का उद्घाटन आयुक्त गढ़वाल मंडल सुशील कुमार द्वारा किया गया। धर्मपुर, देहरादून में संचालित होने वाले मातृ सदन के उद्घाटन के अवसर पर उन्होंने वृद्ध और निराश्रित माताओं की सेवार्थ शुरू किए गए इस पुनीत कार्य के लिए संपूर्ण समर्पण फाउंडेशन के सभी सदस्यों का धन्यवाद किया जिन्होंने इस मानवीय और अति संवेदनशील जीवन पहलू पर कुछ करने के बारे में सोचा। उन्होंने ‘नर सेवा- नारायण सेवा’ भाव से किए जा रहे इस प्रयास की सफलता की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि आने वाले समय में मातृ सदन की सेवाएं निरंतर विस्तार और प्रगति की ओर अग्रसर होंगी।
उद्घाटन के बाद उन्होंने मातृ सदन की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा आश्रम परिसर में वृक्षारोपण भी किया। उन्होंने कहा कि सरकारों के स्तर पर वृद्ध जनों की सुरक्षा व सम्मान के लिए सीनियर सिटीजन प्रोटेक्शन बिल लाया गया है लेकिन सामाजिक स्तर पर भी इस तरह का प्रयास किया जाना चाहिए। कार्यक्रम में उपस्थित विधायक टिहरी किशोर उपाध्याय ने निस्सहाय माताओं की सेवाओं के लिए किए जाने वाले इस प्रयास की सराहना की।
इस अवसर पर फाउंडेशन के चेयरमैन कांति कुमार, जनरल सेक्रेटरी कृति शर्मा, कोषाध्यक्ष एमआर कौशल, आर एस दुआ, सुनील सरीन, उदित घिल्डियाल व आशीष नेगी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

