मानवता: गंभीर रोग से ग्रस्त 17 वर्षीय किशोरी की जिंदगी बचाने को डॉक्टरों ने किया आपातकालीन ऑपरेशन

मानवता: गंभीर रोग से ग्रस्त 17 वर्षीय किशोरी की जिंदगी बचाने को डॉक्टरों ने किया आपातकालीन ऑपरेशन
Spread the love

हरिद्वार(आरएनएस)। जिला महिला चिकित्सालय में शनिवार को डॉक्टरों ने गंभीर पेट दर्द से जूझ रही 17 वर्षीय किशोरी का आपातकालीन ऑपरेशन कर उसे जीवनरक्षक उपचार दिया। किशोरी और उसके परिजनों ने डॉक्टरों का आभार जताया है। किशोरी को गंभीर पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल के आपातकालीन विभाग में लाया गया था। जांच के दौरान पेट में संदिग्ध गांठ महसूस हुई। अल्ट्रासाउंड जांच में ओवेरियन टॉर्शन की पुष्टि हुई। डॉ. यशपाल तोमर ने बताया कि ओवेरियन टॉर्शन एक गंभीर स्त्रीरोग संबंधी आपात स्थिति है। इसमें अंडाशय के मुड़ जाने से उसकी रक्त आपूर्ति बाधित हो जाती है। समय पर उपचार नहीं मिलने पर अंडाशय को स्थायी नुकसान होने के साथ ही गंभीर संक्रमण और अन्य जटिलताएं पैदा हो सकती हैं।किशोरी की स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने तत्काल ऑपरेशन का निर्णय लिया। सर्जिकल टीम में डॉ. यशपाल सिंह तोमर, डॉ. वसुंधरा सोलंकी और डॉ. दीपा चौहान शामिल रहे। एनेस्थीसिया टीम में डॉ. हरिशंकर, एसएनओ हिमांशु, हिमानी और विजयलक्ष्मी ने सहयोग किया। जिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश गुप्ता ने बताया कि समय पर ऑपरेशन बेहद जरूरी था। देरी होने पर अंडाशय में गैंगरीन होने से किशोरी की जान को भी खतरा हो सकता था। ऑपरेशन के बाद किशोरी की हालत स्थिर है और वह चिकित्सकीय निगरानी में है।

Parvatanchal