मर्डर अपडेट: बेवफा बीवी ने ऐसे और इसलिए किया शौहर का कत्ल, पुलिस की पूछताछ में उगला राज़
देहरादून। प्यार में बाधा बन रहे व्यक्ति की पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर गला घोंटकर उसकी हत्या कर शव नाले में फैंक दिया। पुलिस ने पत्नी व उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर मृतक के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आज यहां इसकी जानकारी देते हुए डीआईजी/एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने बताया कि आज प्रातः राजपुर थाना पुलिस को डायल 112 से सूचना मिली कि मक्कावाला के पास नदी में मक्कावाला निवासी अमजद नामक व्यक्ति का शव पड़ा है। प्रतीत होता है कि किसी ने उसकी हत्या कर शव को यहां फेंक दिया है। सूचना पर थानाध्यक्ष राजपुर तत्काल घटना स्थल पर पहुंचे। मक्कावाला गांव के पास बरसाती नाले में एक व्यक्ति का शव पड़ा था और उसके आसपास स्थानीय लोग एकत्रित थे, जिनके द्वारा मृतक की शिनाख्त मौहम्मद अमजद पुत्र आबिद हुसैन, निवासी मक्कावाला के रूप में की गयी। मृतक राजमिस्त्री का काम करता था तथा मक्कावाला में ही किराये पर अपनी पत्नी जैतुन्निशा व तीन बच्चों के साथ रहता था। पुलिस द्वारा मृतक की पत्नी जैतुन्निशा से पूछताछ की गयी तो वह बहाने बनाते हुये पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करने लगी। आसपास के लोगों से पूछताछ पर पता चला कि मृतक के घर पर हरिद्वार निवासी पिन्टू नाम के युवक का आना जाना था जिसे लेकर मृतक का अपनी पत्नी से मनमुटाव रहता था और अक्सर लड़ाई झगड़ा होता था। पिन्टू का नाम प्रकाश में आने पर मृतक की पत्नी जैतुन्निशा से पुनः सख्ती से पूछताछ की गयी तो उसने बताया कि वह अपने पति के साथ खुश नहीं थी और वह पिन्टू से प्यार करती थी, जिसे लेकर उसका पति उससे मारपीट करता था। वह पिन्टू के साथ रहना चाहती थी, लेकिन उसका पति उसके रास्ते में रोड़ा बन रहा था। इस पर उसने पिन्टू के साथ मिलकर पति अमजद को अपने रास्ते से हटाने की योजना बनायी। योजना के अनुसार, कल वह बाजार से देसी शराब के 4 पव्वे खरीद कर लायी और अपने पति को विश्वास में लेकर उसे नशे में धुत कर दिया। जब उसका पति नशे में धुत हो गये तो उसने योजना के अनुसार पिन्टू को बुला लिया और दुपटृे का फंदा बनाकर गला घोटकर उसकी हत्या कर दी। जब उसके पति ने बचने के लिये हाथ पांव चलाये तो उसने उसकी टांगें पकड़ ली थीं। इस बीच उसके बच्चे जाग गये तो उसने और पिन्टू ने उन्हें डरा धमकाकर चुप करा दिया और सबके सो जाने के बाद जब बारिश होने लगी तो अपने पति के शव को घर के बगल में नाले में फेंक दिया ताकि सुबह पता चलने पर लोगों को यह कह सके कि किसी बाहरी आदमी ने उसके पति की हत्या कर दी है। मृतक की पत्नी की निशानदेही पर मौके से हत्या में प्रयुक्त दुपटृा बरामद किया गया। पिन्टू के विषय में आरोपी जैतुन्निशा से पूछताछ की गयी तो उसने बताया कि वह हत्या के बाद चला गया था, लेकिन आसपास ही कहीं छुपा होगा क्योकि उनकी आज यहां से भागकर शादी करने की योजना थी। पुलिस टीम ने मृतक के घर से लगभग 500 मीटर की दूरी पर स्थित एक टिन शैड से लखबीर सिंह उर्फ पिन्टू को गिरफ्तार कर लिया। मृतक के भाई नईमुल्ला की तहरीर पर मृतक अमजद की पत्नी जैतुन्निशा और उसके प्रेमी पिंटू के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया है।

