मनमर्जी: दो बच्चों की मां ने किया पति और प्रेमी के बजाय तीसरे के साथ शादी करने का एलान
जौनपुर। केराकत कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में उस समय अजीब स्थिति हो गई जब दो बच्चों की मां ने भरी पंचायत में अपने पति और प्रेमी दोनों को ठुकराकर तीसरे व्यक्ति से विवाह करने की घोषणा कर दी। इससे पंचायत में ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने शांतिभंग की आशंका में प्रेमी को गिरफ्तार जेल भेज दिया। केराकत कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की महिला अपने प्रेमी के साथ चार दिन तक घर से बाहर रही। वह लौटी तो पति आगबबूला हो गया और मारपीट की नौबत आ गई। किसी तरह मामला शांत कराया गया और फिर सरकी पुलिस चौकी पर पंचायत बैठाई गई। यह पंचायत करीब पांच घंटे तक चली। पंचायत में जब पति ने साफ तौर पर पत्नी को रखने से इनकार कर दिया तो महिला ने चौंकाने वाला निर्णय सुनाया। उसने कहा अब न मैं पति के साथ रहूंगी और न प्रेमी के साथ अब मैं किसी तीसरे व्यक्ति से विवाह करूंगी। महिला के इस बयान से पंचायत में उपस्थित लोग हैरान रह गए और वहां हंगामा शुरू हो गया।स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर किया और महिला व उसके प्रेमी को चौकी से हटाया। पुलिस ने महिला के प्रेमी को शांति भंग की आशंका में धारा 151 के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। महिला अपने दोनों बच्चों को लेकर अपने मायके चली गई है जहां वह अपने भाई और मां के साथ रह रही है। कोतवाली प्रभारी अवनीश राय ने बताया कि महिला का विवाद खत्म करने के लिए पुलिस चौकी पर सभी को बुलाया गया था। विवाद बढ़ता देख शांति भंग की आशंका में महिला के प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

