मदद: रास्ता भटक गयीं दो महिलाओं को ‘ऑपरेशन स्माइल’ टीम ने किया परिजनों के हवाले
राजेन्द्र शिवाली
कोटद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह के निर्देशन में पुलिस मुख्यालय स्तर से गुमशुदा लोगों की तलाश हेतु एक मई से ‘ऑपरेशन स्माइल’ चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जनपद की ऑपरेशन स्माइल टीम को दो महिलाओं व एक छोटी बालिका के कोटद्वार के कौड़िया आर्मी कैंप के पास लावारिस अवस्था में घूमने की सूचना मिली। इस पर ‘ऑपरेशन स्माइल’ टीम मौके पर पहुंची। तलाश करने पर पोस्ट-पुरैल सिंगरौली पुरैल, मध्य प्रदेश निवासी 37 वर्षीय उर्मिला पत्नी कौशर बसोर व 30 वर्षीय सरिता पत्नी रामधारी एक बच्ची के साथ घूमती हुए मिलीं। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वह मध्य प्रदेश से हरिद्वार अपने पति के पास जा रही थीं, लेकिन अनजाने में कोटद्वार पहुंच गईं। उनके पास मोबाइल फोन भी नहीं है और न ही उन्हें पति का फोन नम्बर पता है। ‘ऑपरेशन स्माइल’ टीम द्वारा दोनों महिलाओं व नाबालिग बच्ची को काउंसलिंग के बाद उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया। पुलिस टीम में महिला उपनिरीक्षक सुमन लता, महिला आरक्षी विद्या मेहता, आरक्षी मुकेश शामिल थे।

