बड़ी खबर: युवक से की गयी मारपीट के मामले में बड़ी कार्रवाई, मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के साथ ही पीआरओ और गनर पर मुकदमा दर्ज
सीएम धामी का रुख गंभीर, डीजीपी को दिये पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के आदेश
देहरादून। बीते रोज कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल और युवक के बीच मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद सीएम धामी ने डीजीपी को पूरे मामले की जांच के आदेश दिए थे, जिसके बाद बुधवार को मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के साथ ही उनके पीआरओ और गनर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। वहीं, देर रात युवक पर भी मामला दर्ज हो चुका है।
ऋषिकेश कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक खुशीराम पांडे ने बताया कि सुरेंद्र नेगी की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ बलवा, मारपीट व गालीगलौज की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। बीते रोज सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल और उनका गनर बीच सड़क पर एक युवक की पिटाई करते दिखे। वायरल वीडियो में कैबिनेट मंत्री सड़क किनारे अपने वाहन के पास खड़े होकर शिवाजीनगर निवासी युवक सुरेंद्र सिंह नेगी से बात कर रहे हैं। बातचीत अचानक हाथापाई में बदल गई। वीडियो में मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी पर थप्पड़ मारते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद उनका गनर भी हाथापाई करने के बाद लातें मारते हुए दिख रहा है।
इस मामले में मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि वे लोग जाम में फंसे थे। उसी समय बाइकसवार दो युवक गाड़ी की बगल में आकर गाली देने लगे। हमने समझाया तो युवक ने कॉलर पकड़कर हाथापाई कर दी। इस बीच उनका कुर्ता फट गया। सुरक्षाकर्मी ने रोका तो उसकी वर्दी भी फाड़ दी गई।
बताया जा रहा है कि मंत्री के थप्पड़ खाने वाले सुरेंद्र सिंह नेगी नगर निगम ऋषिकेश के शिवाजीनगर क्षेत्र के निवासी हैं। वे काफी समय से सामाजिक और जनहित के आंदोलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। वे शिवाजीनगर क्षेत्र से ही निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नगर निगम पार्षद का चुनाव भी लड़ चुके हैं। वह अपने घर के पास परचून की दुकान चलाते हैं।दूसरी ओर यह मामला अब सियासी मुद्दा बनता जा रहा है, मुख्य विपक्षी पार्टी मारपीट के मामले को लेकर सत्तारूढ़ भाजपा पर हमलावर हो गयी है।

