भरोसा: डीएम के आश्वासन के बाद बधाणीताल-भुनालगांव मोटरमार्ग को लेकर प्रस्तावित अनशन स्थगित

भरोसा: डीएम के आश्वासन के बाद बधाणीताल-भुनालगांव मोटरमार्ग को लेकर प्रस्तावित अनशन स्थगित
Spread the love

संघर्ष समिति और जिला प्रशासन के बीच सकारात्मक चर्चा, जिलाधिकारी की सक्रियता से सड़क निर्माण प्रक्रिया तेज: समिति

रुद्रप्रयाग। बधाणीताल-भुनालगांव मोटरमार्ग संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी प्रतीक जैन से शिष्टाचार भेंट कर मोटरमार्ग निर्माण से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान क्षेत्र के ग्रामीणों ने लंबे समय से लंबित बधाणीताल-भुनालगांव मोटर मार्ग निर्माण की वर्तमान स्थिति, आ रही समस्याओं एवं आगे की कार्ययोजना को लेकर अपनी बात रखी।
जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने संघर्ष समिति के पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों को निर्माणाधीन मोटरमार्ग की अद्यतन स्थिति से अवगत कराते हुए आश्वस्त किया कि सभी आवश्यक औपचारिकताओं को पूर्ण किया गया है तथा शासन स्तर पर लगातार वार्ता की जा रही हैं। जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण मार्ग के निर्माण में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होने दिया जाएगा और प्रशासन इस पर पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है। जिलाधिकारी से सकारात्मक बातचीत एवं स्पष्ट आश्वासन मिलने के पश्चात मोटरमार्ग संघर्ष समिति ने 10 फरवरी से पूर्व निर्धारित अनशन-धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम को स्थगित करने की घोषणा की। मोटरमार्ग संघर्ष समिति के अध्यक्ष शिव लाल ने जिलाधिकारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पूर्व में जब ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग के कार्यालय में अनशन किया गया था, तब जिलाधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचे थे और ग्रामीणों को मोटरमार्ग निर्माण को लेकर भरोसा दिलाया था। उन्होंने कहा कि उस समय से ही जिलाधिकारी की ओर से लगातार इस सड़क के निर्माण के लिए प्रयास किए जाते रहे, जिनके सकारात्मक परिणाम अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगे हैं। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी की सक्रियता और प्रतिबद्धता के कारण बधाणीताल से भुनालगांव मोटरमार्ग का मामला शासन स्तर पर तेजी से आगे बढ़ा है।
ज्येष्ठ प्रमुख जखोली नवीन सेमवाल ने बताया कि जिलाधिकारी ने इस पूरे प्रकरण में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखा। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से जुड़ी प्रत्येक छोटी-बड़ी प्रगति की जानकारी समय-समय पर जनप्रतिनिधियों के साथ साझा की गई, जिससे पारदर्शिता बनी रही। उन्होंने बताया कि मोटर मार्ग निर्माण से संबंधित वन विभाग की ओर से की जाने वाली आवश्यक औपचारिकताएं भी अब पूर्ण कर ली गई हैं, जिससे कार्य शुरू होने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
वहीं, बांगर संघर्ष समिति के अध्यक्ष संजय सेमवाल ने कहा कि जिलाधिकारी ने इस मोटरमार्ग के निर्माण को लेकर व्यक्तिगत रुचि लेते हुए विशेष प्रयास किए, जिसके चलते आज सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी की ओर से इस संबंध में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं, ताकि निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके और क्षेत्रवासियों को शीघ्र ही सड़क सुविधा का लाभ मिल सके।

Parvatanchal