सनसनी: गला रेतकर बुजुर्ग महिला की हत्या से फैली सनसनी, घर पर अकेली रहती थी मृतका
देहरादून। शहर में घर पर अकेली रह रही 75 साल की एक बुजुर्ग महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। वारदात की स्थिति को देखते हुए लूट की आशंका भी जताई जा रही है। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में पुलिस पड़ताल करने में जुट गयी है।

पुलिस के अनुसार, भंडारी बाग निवासी बुजुर्ग महिला के पति की कुछ समय पहले मृत्यु हो चुकी थी। महिला के पति का ट्रांसपोर्ट का बिजनेस था। बुजुर्ग महिला कमलेश धवन घर पर अकेली रहती थी। उनकी तीन बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। एसपी सरिता डोबाल सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया।
पूछताछ करने पर पुलिस को मृतका के स्वजनों ने बताया कि शुक्रवार रात से कमलेश धवन का फोन नहीं उठ रहा था। 28 फरवरी को किराएदार ने कमरा खाली किया था। इस मामले में पुलिस ने किसी जान पहचान के व्यक्ति पर शक जताया है, क्योंकि बुजुर्ग महिला ने अंदर से गेट खोला था और अंदर जाली वाला दरवाजा भी खुला था। फिल्हाल पुलिस इस पूरे प्रकरण की गहनता से जांच कर रही है।

