ब्रेकिंग न्यूज़: ‘किंग ऑफ उत्तराखंड’ गैंग का 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, नेपाल भागने की फिराक में था
ऋषिकेश। दून पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘किंग ऑफ उत्तराखंड’ गैंग से जुड़े 25 हजार रुपये के इनामी वांछित आरोपी रवि कुमार गुप्ता को उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले के सोनौली से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए नेपाल भागने की तैयारी में था। उसे स्थानीय पुलिस के सहयोग से दबिश देकर पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, ऋषिकेश कोतवाली में दर्ज मुकदमा संख्या 405/2026 में गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम की धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा समेत उसके तीन अन्य साथियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। आरोपी रवि कुमार गुप्ता मुकदमा दर्ज होने के बाद से लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस का आरोप है कि ‘किंग ऑफ उत्तराखंड’ गैंग के सदस्य जमीन और पारिवारिक विवादों में हस्तक्षेप कर लोगों को डराने-धमकाने, मारपीट, अवैध वसूली और ब्लैकमेलिंग जैसी गतिविधियों को अंजाम देते थे। इसके अलावा फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लोगों को भयभीत करने की बात भी सामने आई है।
गैंग के खिलाफ कार्रवाई के दौरान कई आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस फरार आरोपी रवि गुप्ता की तलाश में जुटी थी। उसकी संभावित ठिकानों पर लगातार दबिशें दी जा रही थीं और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया था।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रवि कुमार गुप्ता अपने साथियों की मदद से सोनौली, महाराजगंज के रास्ते नेपाल भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही ऋषिकेश पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्थानीय पुलिस से समन्वय स्थापित किया।
पुलिस टीम ने 28 अगस्त को सोनौली, जनपद महाराजगंज में दबिश देकर वाहन संख्या UK-14-N-5344 महिंद्रा स्कॉर्पियो से रवि कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से मिले दस्तावेजों से उसके नेपाल जाने की तैयारी की पुष्टि होने की बात सामने आई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से महिंद्रा स्कॉर्पियो के साथ नेपाल कस्टम द्वारा जारी वाहन के आवागमन संबंधी अभिलेख, नेपाल में वाहन के ठहरने की अवधि बढ़ाने संबंधी दस्तावेज तथा यातायात व्यवस्था सेवा कार्यालय की ओर से जारी वाहन अनुमति-पत्र बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक दस्तावेजों की जांच में आरोपी के नेपाल जाने की योजना से संबंधित तथ्य सामने आए हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी से उसके अन्य सहयोगियों और गिरोह की गतिविधियों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार रवि कुमार गुप्ता के खिलाफ अलग-अलग आपराधिक मामलों में चार अभियोग दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2022 का आबकारी अधिनियम से संबंधित मामला और वर्ष 2026 में मारपीट, धमकी, गंभीर आपराधिक धाराओं तथा एससी/एसटी अधिनियम से संबंधित मुकदमे शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपी
रवि कुमार गुप्ता पुत्र सुरेश चंद्र गुप्ता, उम्र 38 वर्ष, निवासी शिवाजी नगर/आदर्श ग्राम कुम्हारबाड़ा, थाना ऋषिकेश, जनपद देहरादून है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में कोतवाली ऋषिकेश प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट, कोतवाली डोईवाला प्रभारी एवं विवेचक निरीक्षक राकेश गुसाईं, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन जोशी, उपनिरीक्षक सुमित चौधरी, हेड कांस्टेबल अमित राणा, हेड कांस्टेबल संदीप राठी और कांस्टेबल बृजेश कुमार शामिल रहे।
दून पुलिस का कहना है कि फरार और इनामी आरोपियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा संगठित आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों पर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

