बुरी खबर: अज्ञात वाहन ने नव दंपति को रौंदा,पति की अस्पताल में मौत, पत्नी का इलाज जारी
रुद्रपुर। बीती रात गदरपुर रोड पर एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार नव दंपति को रौंद डाला। आसपास के लोगों ने दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने नव विवाहित युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि नव विवाहिता का उपचार चल रहा। पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 26 वर्षीय सूरज पुत्र जयपाल मूल निवासी- केसरपुर, तहसील मीरगंज, जिला बरेली (यूपी) हाल रविंद्रनगर, रुद्रपुर सोमवार की रात बाइक से पत्नी के साथ डिबडिबा गया था। दोनों वहां से लौट रहे। गदरपुर रोड पर उसकी बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर से दंपति मय बाइक के गिर गये। स्थानीय लोगों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सूरज को मृत घोषित कर दिया जबकि उसकी पत्नी का उपचार चल रहा। बताया जा रहा है कि घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया। एसएसआई कमाल हसन ने बताया कि मृतक आवास विकास क्षेत्र स्थित एक होटल में काम करता था। रविन्द्र नगर में किराए पर रहता था। उसकी डिबडिबा में ससुराल है और रात को खाना खाकर वापस लौट रहा था।

