बीएचईएल: कॉपर बार काट कर चोरी के प्रयास का आरोप, पुलिस और सीआईएसएफ से भिड़े कर्मचारी
हरिद्वार(आरएनएस)। बीएचईएल के हिप प्लांट में 660 मेगावाट जनरेटर की पुरानी कॉपर बार काटकर चोरी के प्रयास का मामला सामने आया है। सीआईएसएफ ने निगरानी के दौरान एक बीएचईएल कर्मचारी को कटिंग उपकरणों से भरे बैग के साथ पकड़ा। उसका साथी कॉन्ट्रैक्ट लेबर मौके से फरार हो गया। आरोपी को कोतवाली ले जाने का कर्मचारियों और यूनियन पदाधिकारियों ने विरोध किया। पुलिस के अनुसार, सीआईएसएफ यूनिट के एसआई सचिन कुमार ने तहरीर में बताया कि 29 अगस्त को हिप प्लांट के ब्लॉक-1 में पुरानी कॉपर बार के कुछ टुकड़े गायब मिले थे। जांच में कॉपर बार पर कटिंग और घसीटने के निशान मिले। इसके बाद सीआईएसएफ ने निगरानी शुरू की। रात में दो संदिग्ध पंप हाउस के रास्ते ब्लॉक-1 की ओर जाते दिखाई दिए। पूछताछ में एक ने अपना नाम रेजिन चौहान बताते हुए खुद को बीएचईएल का स्थायी कर्मचारी बताया। इसी दौरान उसके साथ मौजूद कॉन्ट्रैक्ट लेबर फरार हो गया। तलाशी में रेजिन के पास प्लास्टिक बैग से ग्राइंडर, कटिंग उपकरण, बोरा और कटिंग ब्लेड बरामद होने का आरोप है।
सूचना पर करीब नौ बजे रानीपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। आरोप है कि रेजिन को कोतवाली ले जाने के दौरान अश्वनी चौहान, अमरीश कुमार, आशुतोष कुमार, अरविंद कुमार, मुकुल राज, मुकेश कुमार गुप्ता और अवधेश कुमार समेत अन्य कर्मचारियों व यूनियन पदाधिकारियों ने गेट पर विरोध किया और कार्रवाई में बाधा डाली। एसएचओ मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर चोरी के प्रयास और सरकारी कार्य में बाधा समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।

