बड़ी ख़बर: उत्तराखंड की अमर वीरांगना तीलू  रौतेली पर जारी किया गया डाक टिकट और विशेष आवरण

बड़ी ख़बर: उत्तराखंड की अमर वीरांगना तीलू  रौतेली पर जारी किया गया डाक टिकट और विशेष आवरण
Spread the love

कोटद्वार(आरएनएस)। वीरभूमि उत्तराखंड की अमर वीरांगना तीलू रौतेली की जयंती पर शनिवार को तीलू रौतेली विचार मंच और डाक विभाग की ओर से तीलू रौतेली चौक पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वीरांगना की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके अदम्य साहस, शौर्य और मातृभूमि के प्रति समर्पण को नमन किया गया। इस अवसर पर डाक विभाग की ओर से तीलू रौतेली की स्मृति और उनकी वीरगाथा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से डाक टिकट और विशेष आवरण (लिफाफा) का विमोचन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मेयर शैलेंद्र सिंह रावत, विशिष्ट अतिथि पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी और पूर्व मेयर हेमलता नेगी ने किया। मेयर ने कहा कि तीलू रौतेली का जीवन उत्तराखंड की गौरवशाली वीर परंपरा का प्रतीक है।
पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि तीलू रौतेली अदम्य साहस, शौर्य और संघर्ष की प्रतीक हैं। कम उम्र में परिवार के सदस्यों को खोने के बाद भी उन्होंने जिस दृढ़ संकल्प के साथ मातृभूमि की रक्षा के लिए संघर्ष किया, वह आज भी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।
पूर्व मेयर हेमलता नेगी ने कहा कि तीलू रौतेली का जीवन उत्तराखंड की नारी शक्ति और आत्मसम्मान की पहचान है। उन्होंने कहा कि जिस उम्र में बेटियां भविष्य के सपने संजोती हैं, उस उम्र में तीलू रौतेली ने मातृभूमि की रक्षा के लिए शस्त्र उठा लिया था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता तीलू रौतेली विचार मंच की अध्यक्ष बीना रावत ने की। इस दौरान डाकघर अधीक्षक पौड़ी मंडल अजय सिंह रावत, सहायक डाक अधीक्षक कोटद्वार अनूप सिंह सजवाण व कोटद्वार के हेड पोस्टमास्टर अशोक कुमार समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Parvatanchal