बड़ी खबर: जीएमओयू कोटद्वार में 2.50 करोड़ के घोटाले का पर्दाफाश
पूर्व पदाधिकारी से लेकर कर्मचारियों में महिला समेत कुल नौ लोग गिरफ्तार
सुनियोजित षडयंत्र के तहत किया गया करोड़ों का गबन
पेट्रोल पंप बिल्डिंग, कंप्यूटर मरम्मत, फर्नीचर मेंटेनेंस, दान-पूजा, बिजली-पानी खर्च जैसे मदों में बनाए गए फर्जी बिल
मृत कर्मचारियों को जीवित दिखाकर उनके फर्जी हस्ताक्षर बनाकर भी निकाली गई मोटी धनराशि
राजेन्द्र शिवाली
कोटद्वार। विगत 5 मार्च को कोटद्वार निवासी, हाल मैनेजर सचिव प्रधान गढवाल मोटर्स आनर्स यूनियन लिमिटेड कोटद्वार विजय पाल सिंह द्वारा कोतवाली कोटद्वार में दिए एक शिकायती पत्र में उनके द्वारा बताया गया कि जीएमओयू के पूर्व अध्यक्ष, मैनेजर व अकाउंटेंट आदि नौ व्यक्तियों द्वारा जीएमओयू के पैसों का भारी गबन किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी लोकेश्वर सिंह द्वारा जीएमओयू लिमिटेड में हुए पैसों के गबन की घटना को गम्भीरता से लेते हुए अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए टीम गठित करने के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार चन्द्रमोहन सिंह व क्षेत्राधिकारी कोटद्वार श्रीमती निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण, प्रभारी निरीक्षक कोटद्वार रमेश तनवार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम द्वारा विवेचना करने पर प्रकाश में आया कि अभियुक्तगणों द्वारा एक राय होकर षड़यंत्र के तहत मृत व्यक्तियों, जीएमओयू, अन्य स्टेशन, पेट्रोल पम्पों में बिल्डिंग, कम्प्यूटर रिपैयर, मैन्टेनेन्स, दान-पूजा के नाम पर, कम्पनी, अन्य स्टेशन के नाम पर फर्नीचर रिपैयर, मैन्टेनेन्स के नाम पर, कम्पनी के अन्य स्टेशन पेट्रोल पम्प के नाम पर लाईट व वाटर चार्जेस के रूप में विविध खर्चा, अनुबन्धित कर्मचारियों के वेतन के रूप में, ट्रैफिक अरेन्जमेन्ट के नाम पर कूटरचित बिल वाउचर्स तैयार किये गये। काल्पनिक व्यक्तियों के नामों से कूटरचित प्रार्थना पत्र तैयार कर फर्जी भुगतान दर्शाया गया है। विवेचना में पाया कि अभियुक्त गण द्वारा वित्तीय 2023-2024 में 2,48.43,087/-00 रुपए, ( दो करोड, अड़तालीस लाख, तैतालीस हजार, सत्तासी रुपये) का गबन किया गया है। अभियुक्तगणों से पूछताछ करने के पश्चात अभियुक्तगणों के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाये जाने पर पुलिस टीम द्वारा उक्त अभियोग में संलिप्त अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तगणों में जीत सिंह पुत्र स्व. गिरधारी सिंह, ऊषा देवी पत्नी अमित सजवान, अश्वनी कुमार पुत्र स्व. बुद्धि सिंह, मंजीत सैनी पुत्र सीता राम सैनी, अशोक कुमार पुत्र स्व. लीला नन्द, मुकेश कुमार पुत्र स्व. बलवन्त सिंह, राजेश चन्द्र बुडाकोटी पुत्र दिवाकर दत्त बुडाकोटी, वीरेन्द्र खन्तवाल पुत्र स्व. सच्चिदानन्द खंतवाल व राकेश मोहन त्यागी पुत्र हरिमोहन त्यागी को गिरफ्तार किया गया है।

