आवाज़ : हैली दुर्घटनाओं को लेकर कांग्रेस हुई मुखर, अध्यक्ष करण माहरा की अगुवाई में मुख्य सचिव को मिला पार्टी प्रतिनिधिमंडल
डीजीसीए व ऐटीसी नियमों का कड़ाई से पालन कराने व खटारा हैली चलाने पर प्रतिबंध लगाने को सौंपा छ: सूत्री ज्ञापन
देहरादून। उत्तराखंड की चार धाम यात्रा में लगातार हो रही हैली दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए राज्य में मौत की उड़ानों पर लगाम लगाने व डीजीसीए व एयर ट्रैफिक नियमावली का कड़ाई से पालन किए जाने समेत छह सूत्री मांगों को लेकर आज उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी का एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करण माहरा के नेतृत्व में आज शाम प्रदेश के मुख्य सचिव आनंद वर्धन से उनके सचिवालय स्थित कार्यालय में मिला। प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने मुख्य सचिव से वार्ता के दौरान कहा कि राज्य की सबसे प्रतिष्ठित चार धाम यात्रा में पिछले सवा महीने में पांच हिली दुर्घटनाएं घटित होना और उसमें अब तक तरह लोगों की अकाल मृत्यु होना बड़ी चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि यह दुर्घटनाएं राज्य में एक पारदर्शी व सुरक्षा की दृष्टि से लचर उड्डयन नीति के कारण घटित हो रही हैं । उन्होंने कहा कि राज्य में कोई तय हैली संचालन के लिए तय मानक नहीं है और एटीसी व डीजीसीए नियमावली का अता पता ही नहीं है। उन्होंने कहा कि कितनी उड़ानें होनी हैं कितनी लैंडिंग होनी हैं कितने घंटे एक हैली लगातार उड़ सकता है इसका कोई हिसाब किताब नहीं है और खटारा हैलिकॉप्टरों का संचालन व अंधाधुंध उड़ान हैली दुर्घटनाओं का मुख्य कारण है। उन्होंने कहा कि आज अंधाधुंध हैली उड़ानों के कारण उत्तराखंड में पर्यावरणीय चिंताएं भी बढ़ रही हैं, राज्य के नैशनल पार्क, वन्य जीव व ग्लेशियर सभी को खतरा पैदा हो रहा है। प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्य सचिव से मांग करते हुए कहा कि राज्य में एक पारदर्शी डीजीसीए व एयर ट्रैफिक सिस्टम के दिशानिर्देशों वाली पारदर्शी उड्डयन नीति बनाई जाए और उसका कड़ाई से पालन हो।
माहरा ने प्रदेश में घट रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए मुख्य सचिव से मांग करी कि पहाड़ों में चार पहिया गाड़ियों के चालकों के लिए हिल ड्राइविंग लाइसेंस आवश्यक करना चाहिए। उन्होंने कहा कि नैनीताल में नई टैक्सी परमिटों पर प्रतिबंध लगा हुआ है किन्तु देश भर के अन्य प्रांतों की टैक्सियां को नैनीताल समेत पूरे पहाड़ में चलने की अनुमति है।
प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के मीडिया सलाहकार सरदार अमरजीत सिंह, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता शीश पाल सिंह बिष्ट,महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉक्टर जसविंदर सिंह गोगी, प्रदेश अनुसूचित जाति विभाग अध्यक्ष मदन लाल, प्रदेश कांग्रेस श्रम प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश कौशल व देवेंद्र सिंह शामिल थे।

