बड़ी खबर: उत्तराखंड के सुमेरु पर्वत पर फिर आया एवलांच, सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ वायरल

बड़ी खबर: उत्तराखंड के सुमेरु पर्वत पर फिर आया एवलांच, सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ वायरल
Spread the love

रश्मि, केदारनाथ। रविवार की सुबह उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों के लिए एक आशंकित कर देने वाली खबर आई है। आशंका किसी प्राकृतिक आपदा की आहट को लेकर है। दरअसल, कुछ साल पहले एक बड़ी आपदा को झेल चुके केदारनाथ धाम की पहाड़ियों पर आज सुबह एक बार फिर एवलांच आने का वीडियो वायरल हो रहा है।

वीडियो में दिख रहा है कि रविवार को सुबह लगभग 7:30 बजे सुमेरु पर्वत पर एवलांच आया है। यहां पर्वत की बर्फीली चोटियों से बर्फीली धुंध उड़ती हुई दिखाई दे रही है। कुछ सेकेंड का यह वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। घटना से किसी भी तरह की किसी तरह की हानि होने की सूचना नहीं है। बताया जा रहा है कि कुछ स्थानीय लोगों ने एवलांच की यह वीडियो बनायी है।

गौरतलब है कि उच्च हिमालय क्षेत्र में अक्सर हिमस्खनल की घटनाएं होती रहती हैं, और उनमें से कुछ इतनी विकराल व खतरनाक होती हैं कि बहुत कुछ तहस-नहस कर डालती हैं। इस वर्ष मई में भी केदारनाथ धाम में एवलांच आया था, जबकि बीते वर्ष सितंबर और अक्टूबर में भी एवलांच की तीन घटनाएं हुई थीं।

इसी वर्ष 9 जून 2023 को केदारनाथ के निकट चोराबाड़ी ग्लेशियर जोन में हिमस्खलन हुआ था। इस हिमस्खलन के वीडियो में पहाड़ पर काफी देर तक बर्फीला गुबार उड़ता हुआ दिखाई दिया था। केदारनाथ धाम में मौजूद कई श्रद्धालुओं ने इस घटना को अपने मोबाइल में कैद कर लिया था।

इस क्षेत्र में पिछले दस महीनों के भीतर एवलांच की यह पांचवीं घटना है। इसी क्षेत्र में बीते वर्ष सितंबर-अक्तूबर में भी एवलांच आया था। तब केदारनाथ से करीब चार किमी पीछे चाेराबाड़ी ताल के ऊपरी क्षेत्र में स्थित ग्लेशियर के एक हिस्से में हिमस्खलन हुआ था। उस दौरान पांच से सात मिनट के लिए क्षेत्र में बर्फ का गुबार उठा। जिस तरह से बर्फ का गुबार तेजी से नीचे की तरफ खिसक रहा था, उससे अनुमान लगाया गया कि काफी ऊंचाई से भारी मात्रा में नई बर्फ टूटकर गिरी थी।

वैज्ञानिकों के अनुसार, प्रकृति में अचानक शुरू हुई उथल-पुथल की ऐसी घटनाएं जहां आने वाले समय के लिए ख़तरनाक संकेत दे रही हैं, वहीं प्रकृति के साथ मानवीय छेड़छाड़ के दुष्परिणाम के प्रति सचेत भी कर रही हैं।

Parvatanchal