बड़ी खबर: उत्तराखंड के अनिल बिष्ट ने बढ़ाया प्रदेश का मान, ‘मिस्टर यूनिवर्स’ प्रतियोगिता में जीता गोल्ड मेडल
अल्मोड़ा। उत्तराखंड के लाल अनिल बिष्ट ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतकर राज्य का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों हर्ष की लहर दौड़ गई है। बिष्ट ने थाईलैंड में आयोजित ‘मिस्टर यूनिवर्स’ अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीत कर यह कमाल किया है। अनिल बिष्ट की इस उपलब्धि पर उनके परिजन व शुभचिंतक गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। क्षेत्रीय लोगों में भी खुशी की लहर है।
गौरतलब है कि थाईलैंड के बैंकाक में 17 से 20 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था जिसमें कई देशों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। मूल रूप से अल्मोड़ा जिले के सल्ट क्षेत्र निवासी अनिल बिष्ट ने भी भारत का प्रतिनिधित्व किया। बॉडी बिल्डिंग में अनिल बिष्ट ने गोल्ड मेडल जीत कर देश, प्रदेश व जिले का नाम रोशन किया है। अनिल बिष्ट वर्तमान में अपने परिवार के साथ गाजियाबाद में रहते हैं।
अनिल बिष्ट के पिता सेना से रिटायर्ड हैं, जबकि माता गृहणी है। अनिल बिष्ट इससे पहले भी कई प्रतियोगिताओं में अपना दमखम दिखा चुके हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिजनों में खुशी की लहर है। उनके परिजनों व क्षेत्रीय लोगों ने उन्हें बधाई प्रेषित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। प्रदेश के कई जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं व खिलाड़ियों ने भी अनिल बिष्ट को बधाई दी है।

