प्रतिभावान: खेतों से शुरू हुआ सभ्या नेगी का क्रिकेट खेलने का जुनून ग्राउंड तक पहुंचा

प्रतिभावान: खेतों से शुरू हुआ सभ्या नेगी का क्रिकेट खेलने का जुनून ग्राउंड तक पहुंचा
Spread the love

 

बच्छणस्यूं पट्टी के पणधारा की सभ्या नेगी का उत्तराखंड अंडर-23 महिला क्रिकेट टीम में चयन

क्षेत्र में खुशी का माहौल, बधाई देने वालों का लगा तांता

रुद्रप्रयाग। कहते हैं “मंजिल उन्हीं को मिलती है, जिनके सपनों में जान होती है, पंख से कुछ नहीं होता, हौसलों से उड़ान होती है। इस कहावत को चरितार्थ किया है रुद्रप्रयाग जिले के दूरस्थ क्षेत्र पणधारा की सभ्या नेगी ने। खेतों में क्रिकेट खेलने से शुरू हुआ सफर अब राज्य टीम तक पहुंच गया है। सभ्या का चयन उत्तराखंड अंडर-23 महिला क्रिकेट टीम में होने से क्षेत्र में खुशी का माहौल बना हुआ है। उनके गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने जहां उनका जोरदार स्वागत किया, वहीं ग्रामीणों को अब उम्मीद जगी है कि उनके क्षेत्र की बालिका का नाम रोशन होने से क्षेत्र का विकास होगा। महिला क्रिकेटर के गांव तक पहुंचने के लिए 5 से 6 किमी का सफर तय करना पड़ता है।
बता दें कि रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि ब्लॉक की बच्छणस्यूं पट्टी के मढ़गांव (पणधारा) की रहने वाली सभ्या नेगी की एक उभरती हुई होनहार क्रिकेटर हैं, जिनका चयन उत्तराखंड सीनियर महिला क्रिकेट टीम में हुआ है। सभ्या ऑलरउंडर खिलाड़ी हैं। उत्तराखंड महिला प्रीमियर लीग के फाइनल में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन महत्वपूर्ण विकेट लेकर अपनी टीम को जीत दिलाई थी। सीनियर महिला क्रिकेट टीम में उनके चयन से जिले के साथ प्रदेश में खुशी का माहौल है और उन्हें एक प्रेरणादायक खिलाड़ी माना जा रहा है।
सभ्या ने बताया कि अब तक टी 20 के 5 मैच खेलकर 8 विकेट लिए, जबकि ओडीआई के भी 5 मैच खेलकर 8 विकेट लिए गए हैं। बताया कि पुणे, रांची और केरल में मैच खेल चुकी हैं, जिनमें टी 20 केरल और ओडीआई रांची में खेला गया। सभ्या के परिवार में माता-पिता और चार भाई-बहिन हैं। उनकी दो बड़ी बहिनों की शादी हो चुकी है, जबकि तीसरे नम्बर की वह हैं और एक छोटा भाई है। सभ्या के पिता पोस्ट मास्टर हैं।
सभ्या के पिता दरवान सिंह नेगी ने बताया कि बचपन में खेतों में बल्ला लेकर खेलती थी। राइंका खेड़ाखाल में शिक्षक प्रभात पुंडीर ने सभ्या को अच्छे से खेलना सिखाया और मार्ग-दर्शन किया। पूर्व प्रमुख जगमोहन रौथाण ने भी सहयोग किया। बेटी की उपलब्धि से गांव और जिले में खुशी का माहौल बना है। ऐसा सोचा भी नहीं था कि बेटी की वजह से आज इतना बड़ा गर्व महसूस होगा। बेटी को सम्मानित करने के लिए जगह-जगह से फोन आ रहे हैं।
वहीं, ग्रामीण युवा गोपी सिंह रौथाण का कहना है कि सभ्या नेगी ने कम संसाधनों में इतना बड़ा मंच हासिल किया है। बच्छणस्यूं पट्टी का नाम रोशन हुआ है। कई लोगों के पास संसाधन नहीं होते हैं। उत्तराखण्ड सरकार से निवेदन है कि ग्रामीण इलाकों में भी सुविधाएं दी जाएं।

गांव तक पहुंचने के लिए नापनी पड़ती है 5 से 6 किमी दूरी: सभ्या
रुद्रप्रयाग। महिला क्रिकेटर सभ्या नेगी ने बताया कि आज भी वह जब अपने गांव पहुंचती हैं तो उन्हें बहुत दुख होता है। गांव में बुजुर्ग लोग रहते हैं, जबकि महिलाएं भी बड़ी संख्या में हैं। जिन्हें सड़क के अभाव में 5 से 6 किमी की पैदल दूरी नापनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि उनके गांव में सड़क नहीं होने से बहुत सारी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। सरकार और शासन-प्रशासन को इस ओर ध्यान देने की जरूरत है।

कैबिनेट मंत्री ने अपने कैंप कार्यालय में किया स्वागत
रुद्रप्रयाग। जिले के बच्छणस्यूं (पणधारा) की होनहार क्रिकेटर सभ्या नेगी के उत्तराखंड अंडर-23 महिला क्रिकेट टीम में चयन होने पर कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने उन्हें अपने कैंप कार्यालय में सम्मानित किया। इस अवसर पर मंत्री ने सभ्या का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सभ्या ने अपनी मेहनत, लगन और काबिलियत के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है, जो जिले और प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने सभ्या का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वह इसी तरह कड़ी मेहनत जारी रखें और भविष्य में भारतीय महिला क्रिकेट टीम में स्थान बनाकर प्रदेश का नाम रोशन करें। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, बद्री-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष विजय कप्रवाण, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

Parvatanchal