पूर्व प्रधानमंत्री की पुण्यतिथि पर कांग्रेस ने की श्रद्धांजलि सभा आयोजित

पूर्व प्रधानमंत्री की पुण्यतिथि पर कांग्रेस ने की श्रद्धांजलि सभा आयोजित
Spread the love

कोटद्वार। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, प्रख्यात अर्थशास्त्री एवं सादगी, शालीनता और ईमानदारी की राजनीति के प्रतीक डॉ. मनमोहन सिंह की पुण्यतिथि के अवसर पर आज जिला एवं महानगर कांग्रेस कार्यालय, जन सेवा केंद्र में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कांग्रेसजनों द्वारा डॉ. मनमोहन सिंह के चित्र पर पुष्पमालाएं अर्पित कर उन्हें श्रद्धा-सुमन अर्पित किए गए और उनके राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने अपने संदेश में कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह भारत के उन विरले नेताओं में से थे जिनका योगदान इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज रहेगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 1991 में जब भारत गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहा था, विदेशी मुद्रा भंडार लगभग समाप्ति की कगार पर था और देश के सामने अभूतपूर्व आर्थिक चुनौतियां खड़ी थीं, उस समय वित्त मंत्री के रूप में डॉ. मनमोहन सिंह ने साहसिक और दूरदर्शी निर्णय लेते हुए ऐतिहासिक आर्थिक सुधारों की नींव रखी। उन्हीं सुधारों के कारण भारत आर्थिक संकट से बाहर निकला और एक मजबूत, आत्मविश्वासी एवं उभरती हुई वैश्विक अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित हुआ। नेगी जी ने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में भी डॉ. मनमोहन सिंह ने बिना किसी दिखावे के देश की सेवा की। मनरेगा, शिक्षा का अधिकार, खाद्य सुरक्षा अधिनियम, ग्रामीण विकास और सामाजिक न्याय से जुड़े कानून उनके गरीब-कल्याणकारी और जनोन्मुखी दृष्टिकोण को दर्शाते हैं। उनकी सादगी, विनम्रता, विद्वता और उच्च नैतिक मूल्यों वाली राजनीति आज भी देश के लिए आदर्श है। जिलाध्यक्ष विकास नेगी ने अपने संदेश में कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह जी आधुनिक भारत के आर्थिक पुनर्निर्माण के प्रमुख शिल्पकार थे, जिनकी नीतियों ने देश की अर्थव्यवस्था को स्थायित्व और मजबूती प्रदान की। महानगर अध्यक्ष श्रीमती मीना बछवाण ने कहा कि डॉ. साहब सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के प्रबल समर्थक थे, जिन्होंने अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का कार्य किया। कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीन रावत ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह की राजनीति संयम, मर्यादा और राष्ट्रहित की राजनीति थी। पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. चंद्र मोहन सिंह खर्कवाल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के अर्थशास्त्री होने के बावजूद उनका व्यक्तित्व अत्यंत सरल, सौम्य और विनम्र था। इसके अतिरिक्त अन्य वक्ताओं ने भी डॉ. मनमोहन सिंह के जीवन और कार्यों को स्मरण करते हुए कहा कि वे संकट के समय देश के लिए आशा की किरण बने। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. साहब ने अपने ज्ञान, अनुभव और नीतिगत निर्णयों से भारत को आर्थिक, सामाजिक और वैश्विक स्तर पर नई दिशा दी। उनका जीवन ईमानदारी, सेवा और राष्ट्र के प्रति निस्वार्थ समर्पण का अनुपम उदाहरण है। श्रद्धांजलि सभा के अंत में उपस्थित कांग्रेसजनों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा उनके विचारों और आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष श्रीमती मीना बछवाण,कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीन रावत, पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ चंद्रमोहन खर्कवाल, एससी एसटी प्रकोष्ठ के जिला उपाध्यक्ष शूरवीर सिंह खेतवाल, डीएस रावत, जितेंद्र सिंह बिष्ट, सूरज प्रकाश, कार्यालय सचिव राजीव कपूर, संरक्षक देवेंद्र सिंह नेगी, महानगर अध्यक्ष पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के बृजपाल सिंह नेगी, गोपाल सिंह गुसाई, नगर महामंत्री हेमचंद पवार, महावीर सिंह नेगी, अर्जुन सिंह पुंडीर आदि कांग्रेस जन शामिल हुए।

Parvatanchal