पूर्वानुमान: अगले दो दिनों में बारिश और बर्फबारी की चेतावनी
देहरादून। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में वर्षा के साथ भारी बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है। वहीं मैदानी क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ कहीं सामान्य तो कहीं हल्की बारिश होने की बात भी कही गई है। कुछ स्थानों पर बिजली गिरने जैसी घटनाएं भी इस दौरान सामने आ सकती हैं।
मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, पश्चिमी विच्छोभ की सक्रियता के कारण तथा राजस्थान में कम दबाव का क्षेत्र बनने से मौसम में यह परिवर्तन देखा जा रहा है। सिंह का कहना है कि अगले दो दिनों में राज्य के 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी, गरज के साथ ओलावृष्टि तथा बिजली गिरने की घटनाएं पेश आ सकती हैं। खास तौर से चमोली, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ तथा बागेश्वर में दो दिन मौसम खराब रहेगा। वहीं मैदानी क्षेत्रों में हरिद्वार, उधम सिंह नगर तथा देहरादून में बारिश होने की संभावना जताई गई है।
उधर राजधानी दून में गुरूवार सुबह से काले बादल छाए रहे तथा रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहा। तेज हवाओं के कारण शीतलहर जैसे हालात बन गए हैं। अगले दिन इसी तरह का मौसम रहने की संभावना है।

