दुखद: नहर में नहाने उतरे पांच दोस्त, एक की डूबने से हो गई मौत, एक युवक लापता
ऋषिकेश। दिल्ली से ऋषिकेश घूमने आए पांच युवकों में से दो युवक चीला शक्ति नहर में नहाने के दौरान गंगा में बह गए। एक युवक को रेस्क्यू कर एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरा युवक अब तक लापता है। एसडीआरएफ की मदद से उसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, दिल्ली निवासी पांच युवक एक कार से ऋषिकेश घूमने आए थे। शनिवार प्रातः 11.00 बजे सभी युवक बैराज-चीला मार्ग पर कुनाव पुलिया के समीप रुके और यहां वह पांचों नहाने के लिए चीला शक्ति नहर में उतर गए।
नहाते समय अचानक तेज बहाव की चपेट में आकर दो युवक बह गए। उनके साथियों ने वहां से गुजर रहे नागरिकों से मदद की गुहार लगाई, जिसके बाद पुलिस की मदद से स्थानीय नागरिकों ने नहर में बह रहे एक युवक को रस्सियों की मदद से किसी तरह बाहर निकाला। उसे तत्काल एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान चंद्रशेखर (42 वर्ष), निवासी विजय एनक्लेव, पालम, साउथ दिल्ली के रूप में की गई है। उधर, दूसरा युवक अनिल (30 वर्ष), निवासी पटेलनगर, दिल्ली का फिलहाल कुछ पता नहीं चल पाया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मणझूला विनोद सिंह गुसाईं ने बताया कि एसडीआरएफ की मदद से चीला नहर में डूबे युवक की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि दोनों युवक दिल्ली में एक निजी कंपनी मिस्टर कार नारायण में काम करते थे।
चंद्रशेखर ड्राइवर था, जबकि अनिल इस कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत है। वह दोनों अपने तीन अन्य साथियों के साथ सप्ताहांत का अवकाश होने के कारण यहां घूमने के लिए आए थे।

