धोखाधड़ी: निवेश का झांसा देकर शिक्षा विभाग के क्लर्क से ठग लिए 2.15 लाख रुपए
चम्पावत। शिक्षा विभाग के एक क्लर्क से निवेश करने का झांसा देकर 2.15 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। टनकपुर के पीलीभीत रोड निवासी क्लर्क दरबान सिंह के मुताबिक उनके मोबाइल नंबर पर एक व्हाट्सएप मैसेज मिला। मैसेज में उन्हें धन निवेश कर कार्य पूर्ण होने पर कमीशन के रूप में लाभ प्राप्त करने की बात कही है। इससे संबंधित लिंक, फोटो सहित कुछ ब्योरे आदि उन्हें भेजे गए। जिस पर टेलीग्राम लिंक के माध्यम से उनकी बात होने लगी। शिकायतकर्ता के मुताबिक टास्क पूरा नहीं होने पर नुकसान की भरपाई के रूप में निर्धारित किस्त की तिगुनी राशि जुर्माने के तौर पर अदा करने को कहा गया। इससे संबंधित फर्जी शपथपत्र टेलीग्राम से भेज उन्हें डिजिटल अरेस्ट कर डराने लगे। दरबान सिंह का कहना है कि बदनामी से बचने के लिए उन्होंने मजबूरन गूगल पे और फोन पे के जरिए 2.15 लाख रुपये का 24 मई को भुगतान किया। दरबान सिंह ने कोतवाली में तहरीर देकर अज्ञात के खिलाफ कार्रवाई कर धनराशि वापस दिलाने का आग्रह किया है। कोतवाल चेतन रावत ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर बीएनएस की धारा 318 (4) के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

