धोखाधड़ी: दूसरे के मकान का बैनामा कराकर हड़प लिए 44.50 लाख रुपये, कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज़
काशीपुर(आरएनएस)। फर्जी तरीके से मकान का बैनामा कराकर 44.50 लाख रुपये हड़पने करने के मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने चार पर केस दर्ज किया है। ग्राम राजपुर जसपुर निवासी हमीदुल्ला ने बताया कि आरोपी भप शर्मा, सानिया चतुर्वेदी, सुमित चतुर्वेदी और अमित सिंह ने मिलकर उन्हें ग्राम नीझड़ा में एक मकान दिखाया और उसे बेचने का झांसा दिया। उन्होंने आरोपियों को 44.50 लाख रुपये देकर एक सितंबर 2023 को मकान का बैनामा करा लिया। आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें किसी दूसरे के मकान के सामने खड़ा कर फोटो खिंचवा ली, जबकि जिस मकान का सौदा किया गया था, वह मौके पर मौजूद ही नहीं था। कोतवाल मोहन चंद्र पांडे ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
मकान का सौदा कर पीड़ित से ठग लिए 23.50 लाख रुपये
दूसरी ओर, मकान का सौदा कर 23.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दो आरोपियों पर केस दर्ज किया है। धीमरखेड़ा निवासी नाजिम सुल्तान ने बताया कि आरोपी अहसान अली निवासी जसपुर खुर्द और मोहम्मद शाकिर रिजवी निवासी मसवासी रामपुर ने उन्हें ग्राम नीझड़ा स्थित एक मकान सस्ते दाम में दिलाने का झांसा दिया। इस पर उन्होंने बैंक लोन और नकद मिलाकर कुल 23.50 लाख रुपये दिए और सात सितंबर 2021 को बैनामा भी करा लिया। आरोप है कि बैनामा होने के बाद भी आरोपियों ने मकान का कब्जा नहीं दिया। बाद में पता चला कि कूटरचित दस्तावेज तैयार कर खरीदी गई संपत्ति किसी अन्य व्यक्ति को बेचकर उसका कब्जा दे दिया गया। जब पीड़ित ने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

