धोखाधड़ी: कनाडा भेजने के नाम पर 17 लाख की ठगी, इमिग्रेशन सेंटर संचालक पर लगाया आरोप
रुद्रपुर। विदेश भेजने के नाम पर 17 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता ने इमीग्रेशन ऑफिस संचालक पर गंभीर आरोप लगाते हुए एसएसपी को तहरीर सौंपी है और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ग्राम मलपुरी निवासी प्रकाश कौर, पत्नी स्व. त्रिलोचन सिंह ने बताया कि खटीमा निवासी एक व्यक्ति का रुद्रपुर में फ्लाईओवर के नीचे इमीग्रेशन कार्यालय है। आरोपी ने उनके पुत्र जोगा सिंह को कनाडा भेजने के लिए वर्क वीजा लगवाने का झांसा दिया और 10 लाख रुपये खर्च अनुमानित बताया। इस पर प्रकाश कौर ने अपनी जमीन बेचकर 7.5 लाख रुपये बैंक खाते में ट्रांसफर किए और 2.5 लाख रुपये नकद दिए। आरोप है कि आरोपी ने जोगा सिंह का फर्जी वीजा बनवाकर उसे दिल्ली एयरपोर्ट भेज दिया, जहां एयरपोर्ट अधिकारियों ने वीजा फर्जी होने की बात कहते हुए रोक दिया। यह जानकारी मिलने पर आरोपी ने फिर 6.5 लाख रुपये लेकर जोगा सिंह को पहले दुबई और फिर वहां से कनाडा भेजने का दावा किया। पैसे देने के बाद जोगा सिंह दुबई पहुंचा, लेकिन वहां भी उसका वीजा फर्जी निकलने पर उसे वापस दिल्ली भेज दिया गया। अब पीड़िता ने एसएसपी मणिकांत मिश्रा को प्रार्थना पत्र देकर आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

