दुश्वारियां: गणाई गंगोली के 30 गांवों में बिजली जाते ही शोपीस बन जाते हैं मोबाइल फोन

दुश्वारियां: गणाई गंगोली के 30 गांवों में बिजली जाते ही शोपीस बन जाते हैं मोबाइल फोन
Spread the love

 

पिथौरागढ़। सीमांत जिला पिथौरागढ़, बागेश्वर और अल्मोड़ा तीन जिलों की सीमा से लगे गणाई गंगोली क्षेत्र के 30 गांव से अधिक गांवों के ग्रामीण बदहाल संचार व्यवस्था से परेशान हैं। 30 गांवों में संचार सुविधा सिर्फ बीएसएनल के भरोसे रहती है। गणाई गंगोली कस्बे में में बीएसएनएल का टावर तो है, लेकिन बिजली गुल होते ही यह शोपीस बन जाता है और क्षेत्र के मोबाइल फोन शोपीस बन जाते हैं। तेल की कमी से टावर के संचालन के लिए लगा जनरेटर भी शोपीस बना हुआ रहता है।
क्षेत्र के गणाई, कूना, चौकी, सिमली, गुनाकीटान, सिमलता, भिनगड़ी, पोखरी समेत क्षेत्र के 30 गांवों को संचार सुविधा से जोड़ने के लिए बीएसएनएल का टावर लगाया गया है। बिजली आपूर्ति बाधित होने पर टावर के संचालन के लिए लगा जनरेटर काम नहीं कर रहा है। ऐसे में बिजली जाते ही टावर का संचालन ठप होने से सिग्नल गायब हो रहे हैं। आए दिन क्षेत्र की 15 हजार की आबादी को इस समस्या का सामना करना पड़ रहा है, इससे लोग परेशान हैं। क्षेत्र के लोगों ने कहा कि उन्होंने इंटरनेट के लिए ब्रॉडबैंड कनेक्शन भी लगाया है। बिजली जाते ही न तो मोबाइल में सिग्नल आते हैं और न इंटरनेट सेवा चलती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान न किया गया तो आंदोलन किया जाएगा।
प्रकाश सिंह, एक्सचेंज प्रभारी, बीएसएनएल गणाई गंगोली, पिथौरागढ़ ने कहा कि एक्सचेंज में जनरेटर लगाया गया है, लेकिन इसे चलाने के लिए डीजल नहीं मिल रहा है। बिजली जाते ही एक्सचेंज बंद हो जाता है। इस संदर्भ उच्च अधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि बिजली आपूर्ति बाधित होने पर टावर के संचालन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाती है। हैरानी है कि यहां बीएसएनएल जुगाड़ से मोबाइल टावर का संचालन कर रहा है। वहीं बीएसएनएल के अधिकारियों का कहना है कि जनरेटर तो मिला है, लेकिन इसे चलाने के लिए डीजल नहीं मिल रहा है। ऐसे में बिजली के सहारे ही टावर चलाया जाता है। जहां शहरों में 5 जी की सुविधा का लोग लाभ ले रहे हैं, वही क्षेत्र में लगा मोबाइल मुंह चिढ़ा रहा है। पोखरी निवासी सुंदर सिंह और कूना निवासी राजेंद्र सिंह का कहना है कि बिजली जाते ही मोबाइल पर सिग्नल गायब हो जाते हैं। जल्द व्यवस्था में सुधार होना चाहिए। आए दिन क्षेत्र में संचार सेवा ठप हो रही है। जिससे विभिन्न विभागों समेत सरकारी कार्य भी नहीं हो पाते हैं।

Parvatanchal