कामयाबी: दूल्हे के मामा की हत्या के आरोपी बाप-बेटा गिरफ्तार,

कामयाबी: दूल्हे के मामा की हत्या के आरोपी बाप-बेटा गिरफ्तार,
Spread the love

बारात में बस की सीट को लेकर हुए विवाद में की गयी थी हत्या

हरिद्वार। बारात की बस में सीट को लेकर हुए विवाद के चलते दुल्हे के मामा की हत्या करने वाले बाप-बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जिनके पास से हत्या में प्रयुक्त औजार भी बरामद किये गये हैं। मामला पथरी थाना क्षेत्र के ग्राम इब्राहिमपुर का है।    जानकारी के अनुसार, बीती 11 मई को ग्राम इब्राहिमपुर निवासी युवक शाहरुख की बारात के दौरान बस में दूल्हे के मामा मुजम्मिल द्वारा छोटे बच्चों को सीट न होने के चलते बस से नीचे उतारा गया था। इससे नाराज होकर उसी गांव के निसार आदि अन्य लोगों द्वारा की गई मार पिटाई के कारण मुजम्मिल की मृत्यु हो गई थी और सभी आरोपी मौके से फरार हो गये थे। सूचना मिलने पर थाना पथरी पुलिस मौके पर पहुंची तथा फारेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर भौतिक तथा वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गये। शव के पोस्टमार्टम की कार्यवाही करने के साथ ही मृतक के मामा इमरान की तहरीर के आधार पर थाना पथरी में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गयी। हत्यारों की तलाश में जुटी पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बीती रात एक सूचना के बाद अलीपुर स्थित आम के बाग के पास से घटना में शामिल दो आरोपियों पिता-पुत्र आदिल एवं निसार को धर दबोचा। पकड़े गए हत्यारोपियों की निशांदेही पर पुलिस टीम ने हत्या में प्रयुक्त लोहे की फुंकनी व संडासी बरामद की। पूछताछ में हत्यारोपियों ने बताया कि मृतक द्वारा बारात की बस से सिर्फ उनके परिवार के छोटे बच्चों को जबरदस्ती उतारने पर विवाद हो गया था जो जल्द ही गाली गलौच और मारपीट में बदल गई। इसी दौरान आरोपियों ने लोहे की फुंकनी, संडासी से पीट पीटकर मुजम्मिल की हत्या कर दी गयी। बहरहाल पुलिस ने उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

Parvatanchal