दुखद: सड़क दुर्घटना में चली गई मासूम बच्ची की जान, झोपड़ी में लगी आग से फक्कड़ बाबा की मौत
हरिद्वार। सिडकुल में सड़क दुर्घटना में मासूम की मौत हो गई जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई शिकायत में अरविंद सिंह पुत्र कमलेश सिंह निवासी गांव मिर्जापुर बांगर उर्फ गंजालपुर मंडावर जिला बिजनौर यूपी हाल निवासी आजाद का मकान निकट शनिदेव मंदिर रोशनाबाद ने बताया कि गुरुवार को उसकी पत्नी पांच साल की बेटी परी को लेकर बाजार गई थी। आरोप है कि एक कार ने उसकी पत्नी और बेटी को टक्कर मार दी। परिणामस्वरूप पत्नी बेटी को इलाज के लिए ले जाया गया, जहां उसकी बेटी की मौत हो गई। पत्नी का इलाज चल रहा है। एसओ मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
दूसरी घटना में एक बाबा की जलने से मौत हो गई। कटारपुर गांव में खेत में बनी एक झोपड़ी में गुरुवार देररात आग लगने से अंदर सो रहे फक्कड़ बाबा की जलकर मौत हो गई। खेत स्वामी की सूचना पर पुलिस ने अधजले शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस के मुताबिक, कटारपुर में मोहित चौहान के खेत में जंगली जानवरों से फसलों की रखवाली के लिए एक झोपड़ी बनाई गई थी। झोपड़ी में हरियाणा निवासी एक फक्कड़ बाबा भी रहता था। बीती रात झोपड़ी में अचानक आग लग गई। खेत स्वामी को शुक्रवार सुबह आग लगने का पता चला। झोपड़ी में रह रहे समे फक्कड़ बाबा की भी जलने से मौत हो गई। खेत स्वामी की सूचना पर पुलिस ने मौके पर जाकर जांच की। काफी प्रयास के बाद भी शव की शिनाक्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया।

