दुखद: वाहन हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत, सेब लेकर आ रहा था बोलेरो वाहन
देहरादून। रविवार की सुबह जिले में हुई एक वाहन दुर्घटना में दो लोगों के मारे जाने की दुखद खबर सामने आई। मामला त्यूनी क्षेत्र का है जहां उत्तरकाशी से सेब लेकर आ रहा बोलेरो पिकअप वाहन गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने रस्सियों के सहारे दोनों शवों को खाई से निकाला।
यहां मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली कि त्यूनी से करीब 15 किलोमीटर दूर एक गहरी खाई में दो लोगों के शव पड़े दिखाई दिए हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंची तो उसे पिकअप वाहन संख्या UK07CD-0843 खाई में गिरा हुआ मिला। पता चला कि वाहन टिकोची उत्तरकाशी से सेब लेकर आ रहा था, लेकिन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 650 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। उसमें सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की शिनाख्त किशोर सिंह चौहान (25) पुत्र अब्बल सिंह चौहान, निवासी दुचाणू, पोस्ट- टिकोची, थाना- मोरी, उत्तरकाशी व पंकज कुमार (40) पुत्र ओमप्रकाश, निवासी- पुरानी कालसी, थाना- कालसी, जनपद देहरादून के रूप में हुई। मृतकों के शवों को स्थानीय निवासियों की मदद से निकालकर त्यूनी मोर्चरी में रखवा गया है। समाचार भेजे जाने तक पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी थी। दुर्घटना की खबर फैलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

