दुखद: दुकान के ऊपर गिरा पेड़, पिता की मौत, बेटा घायल

दुखद: दुकान के ऊपर गिरा पेड़, पिता की मौत, बेटा घायल
Spread the love

रूद्रप्रयाग। गुरूवार तड़के दुकान के ऊपर बांज का पेड़ गिर जाने से जहां एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई वहीं दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस व एसडीआरएफ टीम द्वारा मौके पर पहुंच कर मृतक व घायल को बाहर निकाला और घायल को अस्पताल पहुंचाया जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार तड़क तीन बजे के आसपास गौरीकुंड केदारनाथ पैदल मार्ग पर छोड़ी गदेरे के नजदीक पैदल मार्ग पर बांज का सूखा पेड़ गिर गया। बांज का सूखा पेड़ चाय की दुकान के ऊपर गिरा। दुकान में उस समय विक्रम लाल और दीपक मौजूद थे, जो गहरी नींद में सोये हुए थे। बांज का भारी भरकम पेड़ गिरने से विक्रम लाल (58) अगस्त्यमुनि के वीरो देवल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनका बेटा दीपक (24) गंभीर रूप से घायल हो गया। विक्रम लाल गौरीकुंड केदारनाथ पैदल मार्ग पर चाय की दुकान चलाते थे। केदारनाथ धाम आने-जाने वाले तीर्थयात्री उनकी दुकान पर चाय नाश्ता किया करते थे।

गौरीकुंड केदारनाथ पैदल मार्ग पर चाय की दुकान के ऊपर पेड़ गिरने की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची। आनन-फानन में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। रेस्क्यू टीम ने देखा कि विक्रम लाल की अधिक चोट लगने से मौत हो चुकी है। विक्रम लाल का बेटा दीपक गंभीर रूप से घायल मिला। दीपक को तत्काल रेस्क्यू करके अस्पताल भिजवाया गया। जहां उसका उपचार किया जा रहा है।

Parvatanchal