दुखद: छानी में आग लगने से आठ बकरियों समेत 12 मवेशी जिंदा जले, पीड़ित को भारी आर्थिक क्षति
देहरादून (आरएनएस)। जनपद की कालसी तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत भंजरा के मसोटी खेडा में मंगलवार देर रात अग्निकांड में एक किसान की दो मंजिला आवासीय छानी जलकर राख हो गई। इस हादसे में छानी के अंदर बंधे 12 मवेशियों की जिंदा जलने से मौत हो गई, जिससे पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है। घटना के पीछे छानी के ऊपर बिजली का तार टूटकर गिरने की आशंका जताई गई है। पजोटा निवासी भोपालू पुत्र काडिया का मसोटी खेड़र में दो मंजिला आवासीय छानी थी। दिनचर्या के अनुसार मंगलवार को भोपालू पशुओं को चारा-पानी देने के बाद अपने गांव पजोटा लौट आए थे। देर रात अचानक छानी में आग लग गई।आग की लपटें देख आसपास के ग्रामीण शोर मचाते हुए मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही भोपालू भी आनन-फानन में मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने और मवेशियों को निकालने की भरसक कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेज थी कि केवल दो बैल और दो बकरियों को ही सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। इस अग्निकांड में आठ बकरियां, एक भैंस, दो गाय और एक बछड़ा जिंदा जल गए। भवन के भीतर रखा घरेलू सामान और पशुओं के लिए संचित चारा भी जलकर राख हो गया। जिससे पीड़ित पशुपालक किसान को भारी नुकसान हुआ। उसकी आजीविका का मुख्य आधार यही पशु थे। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र पंचायत सदस्य सीमा राणा ने क्षेत्रीय पटवारी को अवगत कराया। पूर्व बीडीसी सदस्य एवं युवा भाजपा नेता कांति राणा ने इस घटना पर गहरा दुख प्रकट करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार पूरी तरह टूट चुका है। उन्होंने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान को घटना की जानकारी दी और एसडीएम कालसी से फोन पर वार्ता कर पीड़ित परिवार को तत्काल उचित सरकारी राहत राशि उपलब्ध कराने की पुरजोर मांग की है। तहसीलदार कालसी सुशीला कोठीयाल ने बताया कि संबंधित क्षेत्र के पटवारी को तत्काल प्रभाव से घटनास्थल का मौका मुआयना करने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही तहसील प्रशासन को विस्तृत रिपोर्ट सौंप दी जाएगी।

