दुखद: कांवड़ियों के ऊपर पहाड़ी से आ गिरा मलबा, खाई में गिर कर एक की मौत, पुल टूटने से नदी में बहा युवक

दुखद: कांवड़ियों के ऊपर पहाड़ी से आ गिरा मलबा, खाई में गिर कर एक की मौत, पुल टूटने से नदी में बहा युवक
Spread the love

 

देहरादून। उत्तराखंड में पिछले दिनों से लगातार हो रही बारिश लोगों की जान पर भारी पड़ने लगी है। टिहरी-घनसाली रोड पर नंदगांव के पास गदेरा पार करते समय दो कांवड़ियों पर पहाड़ी से अचानक मलबा आ गिरा। बताया जा रहा है कि मेरठ निवासी दोनों यात्री गंगोत्री से केदारनाथ जा रहे थे। हादसे में एक युवक सकुशल बच गया है। वहीं, दूसरा खाई में गिरने से लापता हो गया, जिसे एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू कर बाहर निकाला लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी।
वहीं, कोटद्वार में मालन पुल के टूटने से हल्दूखाता मल्ला निवासी प्रशांत डबराल(40) पुत्र प्रकाश डबराल बह गया। उसके दो साथी हुकुम सिंह और रविंद्र ने पुल की रेलिंग पकड़कर किसी तरह जान बचाई। घायल अवस्था में दोनों को बेस अस्पताल में भर्ती किया गया है। वहीं, दो युवकों के बाइक सहित पुल से गिरकर नदी में बहने की भी सूचना  है।
टिहरी जिले में भिलंगना ब्लाक के पंवाली बुग्याल क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से 100 से अधिक बकरियों की मौत हो गई। नैनीताल के मंगोली गांव में बुधवार रात आकाशीय बिजली गिरने से गोशाला व गाय जल गईं। बागेश्वर जिले में अतिवृष्टि से चार मकान ध्वस्त होने से 14 लोग बेघर हो गए।

Parvatanchal