दुखद: आंगन में खेल रही बच्ची को गुलदार ने बनाया निवाला
श्रीनगर। श्रीनगर के ढिकाल गांव में एक गुलदार ने 3 साल की बच्ची को निवाला बना दिया। गांव के लोग जब हल्ला मचाते हुए गुलदार के पीछे दौड़े तो वह बच्ची को छोड़कर भाग गया।
घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। वहीं बच्ची की मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है।
आज श्रीनगर के ढिकाल गांव में 3 साल की आयशा पुत्री गणेश नेगी अपने घर के आंगन में खेल रही थी। घटना के समय आयशा की मम्मी और चाचा घर पर ही थे। जब तक वह आयशा को बचाने के लिए दौड़े।
तब तक गुलदार बच्ची को उठाकर काफी दूर निकल गया था। जब लोग शोर मचाते हुए गुलजार के पीछे-पीछे भागे तो काफी दूरी पर गुलदार बच्ची को छोड़कर भाग गया लेकिन तब तक बच्ची की मौत हो गई थी।
ढिकाल गांव के पूर्व प्रधान चंद्र सिंह नेगी के अनुसार इससे पहले गुलदार गांव में मवेशियों को अपना निवाला बन रहा था। आए दिन क्षेत्र में गुलदार के दिखाने पर इस संबंध में वन विभाग के अधिकारियों को सूचित भी किया गया था लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
उधर आयशा के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो रखा है। उधर ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को आदमखोर घोषित करने और उसे मारने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेताया है कि जब तक वन विभाग यह आदेश जारी नहीं करता तब तक वह बच्ची का शव नहीं उठाएंगे।
वहीं क्षेत्रीय विधायक और कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया है। कैबिनेट मंत्री ने प्रभावित परिवार की हर संभव मदद करने की निर्देश दिए हैं। वन विभाग के रेंजर ललित नेगी ने बताया कि घटना के संबंध में जानकारी मिली हैम विभाग ने गुलदार को पकड़ने के लिए चार टीमों का गठन किया है। फौरी तौर पर डेढ़ लाख का मुआवजा दिया जा रहा है।

