दीपावली पर प्रदूषण नियंत्रण को लेकर गाइडलाइन जारी
देहरादून। दीपावली पर पर्यावरण प्रदूषण कई शहरों में अपने चरम पर पहुंच जाता है। भारी मात्रा में पटाखों का उपयोग पर्यावरण के लिए इस दौरान बेहद नुकसान देने वाला दिखाई देता है। ऐसे में न केवल राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड बल्कि अब थर्ड पार्टी भी पर्यावरण की सेहत पर नजर रखने वाली है।.
दीपावली के दौरान प्रदूषण पर काबू पाने के लिए उत्तराखंड में अब पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड अलर्ट मोड पर है। सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड ने राज्यों को विशेष गाइडलाइन जारी करते हुए कहा है कि दीपावली के पांच दिन बाद तक वायु गुणवत्ता पर सघन निगरानी रखी जाए। इसके तहत राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को पर्यावरण की स्थिति पर नजर बनाए रखनी है, ताकि वायु प्रदूषण में अचानक बढ़ोतरी पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। खास बात यह है कि इस बार केवल प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ही नहीं, बल्कि एक थर्ड पार्टी एजेंसी भी राज्य में वायु गुणवत्ता की जांच करेगी। एजेंसी को इस अवधि में अलग-अलग शहरों में प्रदूषण के स्तर की रिपोर्ट तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पर्यावरण की सेहत जानने के लिए चार मुख्य मानकों पीएम 2.5, पीएम 10, कार्बन डाइऑक्साइड और नाइट्रोजन ऑक्साइड पर निगरानी रखी जाएगी। इसके लिए राज्यभर में एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन सक्रिय कर दिए गए हैं। इन स्टेशनों से मिलने वाले आंकड़ों के आधार पर जिलाधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए जाएंगे।

