दहशत: भेटियारा गांव में लड़ते हुए भवन की छत पर पहुंच गए दो गुलदार, ग्रामीणों ने शोर मचाकर भगाया
उत्तरकाशी(आरएनएस)। बीती बृहस्पतिवार रात में भेटियारा गांव में एक भवन की छत पर दो गुलदार आपस में लड़ाई करते हुए पहुंच गए। एक साथ दो गुलदार देख ग्रामीण भयभीत हो गए। ग्रामीणों ने किसी प्रकार शोर मचाकर गुलदार को आवासीय बस्ती से भगाया लेकिन उसके बाद भी जंगल में उनकी आवाज आती रही। इसकी सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने पटाखे जलाकर गुलदार को भगाया। साथ ही वन विभाग की टीम गश्त कर रही है।भेटियार ग्राम प्रधान हिमांशु सहित नितिन नौटियाल ने बताया कि क्षेत्र में करीब एक माह से गुलदार का भय बना है। कुछ दिन पूर्व गांव में एक बछड़े पर गुलदार ने हमला कर दिया था। साथ ही हर दिन गुलदार गांव के आसपास खेतों सहित सड़क के आसपास दिखाई दे रहा है। बृहस्पतिवार रात को दो गुलदार लड़ते हुए राधेश्याम सेमवाल के मकान की छत पर पहुंच गए। गुलदार को देख ग्रामीण दहशत में आ गए। किसी प्रकार ग्रामीण एकत्रित हुए और उसके बाद शोर कर किसी प्रकार गुलदार को जंगल में भगाया। उसके बाद भी दोनों की गुर्राने की आवाज बहुत देर तक गांव के समीप आती रही। उसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और वहां पर पटाखे आदि जलाकर दोनों गुलदारों को भगाया। प्रधान हिमांशु ने कहा कि वन विभाग से कई बार मांग की गई है कि गुलदार को पकड़ने के लिए उचित कदम उठाए जाए लेकिन वह पटाखे जलाकर अपनी जिम्मेदारी पूरी कर देते हैं। ऐसी स्थिति में कभी भी कोई बड़ी घटना हो सकती है। मुखेम रेंज अधिकारी गोविंद पंवार ने बताया कि रात में गुलदार आने की सूचना पर विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई थी। वहां से गुलदार को भगा दिया गया था। विभाग की ओर से क्षेत्र में लगातार गश्त की जा रही है।

