दहशत : गुलदार के हमले से महिला की मौत, घास लेने जा रही थी जंगल
पौडी। बुधवार को श्रीनगर में कीर्तिनगर ब्लॉक के ग्राम पंचायत नौर में घास लेने जंगल गई एक महिला पर गुलदार ने हमला कर दिया। इस दौरान महिला की मौके पर ही मौत हो गई। महिला की मौत के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह नौ बजे नौर गांव निवासी लक्ष्मी देवी (55) पत्नी स्व. राजेंद्र जंगल में घास लेने जा रही थी। इस दौरा घात लगाए बैठे गुलदार ने महिला पर हमला कर दिया।
बता दें कि प्रदेश में मानव-वन्यजीव संघर्ष में इस वर्ष अब तक 40 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। इनमें से 13 लोगों की जान गुलदार ने ली है। वहीं, वर्ष 2000 से अब तक गुलदार के हमले में 514 लोगों की जान गई है, जबकि 1868 लोग घायल हुए हैं। वहीं, वर्ष 2000 से अब तक 1741 गुलदारों की मौत रिकॉर्ड में दर्ज है। गुलदार के हमले के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीण गुलदार को जल्द पकड़ने की मांग कर रहे हैं।

