दल-बदल: कांग्रेस को दगा देने के बाद भाजपा में शामिल हो गये मनीष खंडूरी
देहरादून। चुनावी तैयारियों में जुटी कांग्रेस के साथ दगाबाज़ी करने वाले मनीष खंडूड़ी शनिवार को भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा महानगर कार्यालय में भाजपा प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम ने मनीष खंडूड़ी को भाजपा की सदस्यता दिलाई। मनीष खंडूड़ी ने 8 मार्च हो ही कांग्रेस के सभी पदों से इस्तीफा दिया था। गौरतलब है कि पूर्व सीएम बी सी खंडूरी के पुत्र मनीष खंडूड़ी 2019 के लोकसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस में आए थे और कांग्रेस ने अपने कई पुराने नेताओं को दरकिनार कर उन्हें पार्टी के टिकट पर पौड़ी गढ़वाल लोकसभा सीट से चुनाव लड़वाया था।
उत्तराखंड में दलबदल की सिद्धांतहीन एवं मौकापरस्त सियासत का काला इतिहास लिखने वालों में शुमार हो चुके मनीष कांग्रेस के सभी पदों से इस्तीफा देने के बाद शनिवार को मनीष खंडूड़ी ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है। इस मौके पर देहरादून महानगर भाजपा कार्यालय में उत्तराखंड भाजपा प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मौजूद रहे।मनीष खंडूड़ी उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी के बेटे और उत्तराखंड विधानसभा स्पीकर ऋतु खंडूड़ी के भाई हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में पौड़ी गढ़वाल लोकसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ चुके मनीष खंडूड़ी को भाजपा के तीरथ सिंह रावत के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
उधर बीते पांच साल से मनीष खंडूड़ी कांग्रेस में समर्पित नेता के रूप में सम्मान पा रहे थे। लेकिन शुक्रवार को अचानक ही मनीष खंडूड़ी ने कांग्रेस छोड़ने का ऐलान कर दिया। तभी से राजनीतिक गलियारों में कयास लगाए जा रहे थे कि मनीष जल्द ही भाजपा ज्वाइन कर सकते हैं। महेंद्र भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल की मौजूदगी में मनीष ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

