तैयारी: प्रधानमंत्री मोदी केदारपुरी में मनायेंगे दीपोत्सव

तैयारी: प्रधानमंत्री मोदी केदारपुरी में मनायेंगे दीपोत्सव
Spread the love

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक बार फिर उत्तराखण्ड आने वाले हैं। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री दीपावली पर उत्तराखण्ड आयेंगे और केदारपुरी में दीपोत्सव मनायेंगे और बाबा की पूजा अर्चना करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इस दौरे का कोई अधिकारिक या सरकारी कार्यक्रम नहीं आया है। इससे पूर्व भी चुनाव से पूर्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बाबा केदार के दर पर आते रहे हैं और ध्यान साधना करते रहे हैं। इससे पूर्व 15 नवम्बर को भैयादूज के मौके पर केदारनाथ मन्दिर के कपाट बंद होने के समय उनके उत्तराखण्ड आने की खबर आयी थी। अगर 12 नवम्बर को दीपावली पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उत्तराखण्ड आते हैं तो यह उनका एक माह में उत्तराखण्ड का दूसरा दौरा होगा। अभी विगत 12 अक्टूबर को प्रधानमंत्री मोदी कुमांऊ दौरे पर आये थे तथा वह आदि कैलाश और अल्मोड़ा के जागेश्वर धाम गये थे।
प्रधानमंत्री मोदी के उत्तराखण्ड दौरों को उनकी आस्था से जोड़कर तो देखा ही जाता है साथ साथ इसे उत्तराखण्ड में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के दृष्टिकोण से अत्यन्त ही महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा सिर्फ केदारपुरी के पुनर्निर्माण ही नहीं कराये गये बल्कि बद्रीनाथ धाम में चल रहे मास्टर प्लान के तहत अनेक निर्माण और सौन्दर्यीकरण के काम कराये जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विगत 12 अक्टूबर को आदि कैलाश और जागेश्वर धाम यात्रा का उद्देश्य भी उनकी मानसखण्ड मन्दिर परियोजना का हिस्सा माना जा रहा है। जिसके जरिए कुमांऊ मण्डल में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने का ताना बाना बुना जा रहा है।

Parvatanchal