शिकंजा: मोबाइल टॉवरों से बैटरियों की चोरी का खुलासा, तीन गिरफ्तार
अल्मोड़ा। जिओ टावरों से बैटरियां चोरी होने का खुलासा करते हुए पुलिस व एसओजी ने तीन चोरों को चुरायी गयी 12 बैटरियां व वारदात में प्रयुक्त वाहन सहित गिरफ्तार कर लिया है। चोरी का मास्टर माइंड पूर्व में जिओ कम्पनी के टावर इस्टालेशंन का काम कर चुका है।
एसएसपी अल्मोड़ा प्रदीप कुमार राय ने बताया कि जून और जुलाई माह में अलग अलग क्षेत्रों से अज्ञात चोरों द्वारा जिओ कम्पनी की 12 बैटरियां चोरी कर ली गयी थीं। इस सम्बन्ध में जिओ टेक्नीशियनों द्वारा अलग-अलग थानों में मुकदमा दर्ज कराया गया था। जिओ टावरों से बैटरियां चुराये जाने के मामले को गम्भीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी। मामले की गम्भीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों द्वारा पुलिस टीमों के साथ इसके खुलासे हेतु एसओजी को भी लगाया गया। गठित टीमों के अथक प्रयास के बाद पुलिस व एसओजी ने आज सुबह पातली बगड़ सोमेश्वर से बैटरी चोरी का ताना-बाना बुनने वाले मास्टरमाइंड सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जिनके कब्जे से पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त वाहन भी बरामद किया है। पूछताछ में बैटरी चोरी के मास्टरमाइंड शिवम द्वारा बताया कि वह पहले जिओ कंपनी के टावर इंस्टॉलेशन का काम करता था और इन टावरों बैटरी के बारे में उसे अच्छी जानकारी थी। रात्रि को लोगों के सो जाने के बाद वह और उसके साथी दलीप और उमेश चोरी की घटना को अंजाम दिया करते थे। उनकी निशानदेही पर संयुक्त टीम द्वारा चुरायी गयी बैटरियों को एक खंडहर से बरामद किया गया है। बरामद बैटरियों की कीमत लगभग 7 लाख 20 हजार रुपये बतायी जा रही है।

