जयहिंद: बलिदानी जवान हजारी सिंह का सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार, सीएम धामी ने जताया शोक
देहरादून। असम के मणिपुर में बलिदान हुए सेना के जवान हजारी सिंह का मंगलवार को ऋषिकेश स्थित पूर्णानंद घाट पर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जवान के बलिदान पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड के वीर जवान हजारी सिंह ने असम में मां भारती की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। उन्होंने कहा कि टिहरी गढ़वाल के देवप्रयाग निवासी हजारी सिंह के शहीद होने का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर से प्रार्थना है की पुण्यआत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दे एवं परिजनों को यह दुख सहन करने की असीम शक्ति प्रदान करे। वहीं क्षेत्रीय विधायक व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने शहीद को अंतिम सलामी देकर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि सभी प्रदेशवासियों के लिए यह अत्यंत ही पीड़ा का क्षण है क्योंकि हमने अपना भाई और बेटा खोया है। शहीद हुए जवान हजारी सिंह की अंतिम यात्रा में उनके भाई डबल सिंह, जितेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह व शहीद के पुत्र संदीप सिंह, कुलदीप सिंह, उप जिलाधिकारी नरेंद्रनगर देवेंद्र सिंह नेगी व काफी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

